
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान ऐसी चुटकी ली कि मंच पर बैठी पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने जमकर ठहाके लगाए। वहां मौजूद अन्य अतिथि भी हंस पड़े और माहौल मजाकिया हो गया।
दरअसल, सुबह मां अहिल्या की 227वीं पुण्यतिथि पर गांधी हॉल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मंच पर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, आईडीए अध्यक्ष जयपालसिंह चावडा व अन्य लोग उपस्थिति थे। इस अवसर पर जब महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपना संबोधन शुरू किया और कहा कि एक मेरी धर्मपत्नी को छोड़कर सभी माताएं, बहनें और साथी….। इतना कहते ही ताई ने जमकर ठहाके लगाए और उन्हें देख अन्य अतिथि भी हंसने लगे। महापौर के इस चुटीले अंदाज को लोगों ने भी पसंद किया और हंसते रहे।
बहरहाल, उन्होंने कहा कि मैं बहुत संक्षिप्त में अपनी बात रखने का प्रयास करता हूं। उन्होंने देवी अहिल्या उत्सव समिति के कर्ताधर्ताओं को अच्छे आयोजन व प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए साधुवाद दिया और कहा कि इससे मां अहिल्या के बारे में करीब से जानने का, कुशल प्रशासक को समझने का जरिया और कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि हम मां अहिल्या के सपने को साकार करें।
इसके पूर्व सुबह महापौर द्वारा राजबाडा स्थित मां अहिल्या बाई होलकर कि प्रतिमा पर पूजन कर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद उन्होंने पूर्व सांसद एवं मां अहिल्या उत्सव समिति की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को 5 लाख राशि का अनुदान राशि का चेक दिया गया। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेंद्र हार्डिया, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, महापौर परिषद सदस्य, पार्षद व अन्य उपस्थित थे।