
शहर के समीपस्थ मानपुर में बड़ा मामला सामने आया है। मानपुर पुलिस की हिरासत में लूट के आरोपित की मौत हो गई है।वह गैंगस्टर दुर्लभ कश्यप से जुड़ा था और मानपुर, धामनोद सहित उस पर कई जगह केस दर्ज थे। मौत के बाद एसपी ने न्यायिक जांच की सिफारिश कर दी है। मानपुर थाने में पदस्थ एक एसआई, दो एएसआई और दो आरक्षकों को निलंबित कर पुलिस लाइन ग्रामीण में अटैच कर दिया है। लूट की साजिश के मामले में पुलिस इस गुंडे अर्जुन सिंगारे(19 साल) निवासी गिट्टीफोड़ा मानपुर को पकड़ा था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ की दौरान उसकी हालत बिगड़ गई, फिर पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। हालांकि मामले में मारपीट के आरोप भी लग रहे हैं।
थाने पर भारी फोर्स तैनात:-पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद पुलिस आला अधिकारी भी हरकत में आए और तत्काल दोषी पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इधर, घटना के बाद मानपुर थाने में पुलिस बल तैनात किया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद आरोपी के परिवारजनों ने थाने पहुंचे। इधर, घटना के चलते थाने पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश में अर्जुन नामक युवक सहित अन्य युवकों को पकड़ा था। पुलिस हथियार जब्त करने के लिए उसे लेकर गए थे, इस दौरान इनके पास से 8 लाख रुपये की बाइक जब्त हुई थी जो चोरी की बताई जा रही है।
ग्रामीण एसपी भगवत सिंह विरदे के मुताबिक इस मामले में 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इनमें कमल उईके उपनिरीक्षक, दिनेश वर्मा सहायक उप निरीक्षक, निर्भय सिंह सहायक उपनिरीक्षक सहित दो आरक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। प्रथम दृष्टि में इन्हें दोषी पाया गया है। इस मामले की ज्यूडिशियल जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार अर्जुन पिता देवकरण कई गंभीर अपराधों में लिप्त था और कई बड़ी वारदात कर चुका था। गुरुवार को ही पुलिस ने अर्जुन और उसके साथियों को लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया था, पर वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम ने जब उसे शुक्रवार रात को फिर गिरफ्तार किया और उसे घर लेकर गए थे। उस वक्त भी पुलिस वालों के साथ परिवार वालों ने हाथापाई की थी। सूत्रों की माने तो अर्जुन की हालत काफी गंभीर थी और इसके चलते ही उसकी मौत पुलिस कस्टडी में होने की बात सामने आई है।