
शहर में शुक्रवार देर रात जहां पूरा पुलिस महकमा शहर में अनंत चतुर्दशी की झांकी की सुरक्षा व्यवस्था में लगा हुआ था, वहीं शहर के सबसे पॉश इलाके विजयनगर में रात 3 बजे के लगभग पेट्रोल भरवाने के दौरान एक छात्र का विवाद हुआ और आरोपी ने (इंजीनियरिंग स्टूडेंट गौरव डोले) पर चाकू से वार किया, जिसमें इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। ज्यादा खून बहने से तड़पते हुए उसकी मौत हो गई। वह दोस्त के साथ घूम रहा था तब बदमाशों से पेट्रोल भरवाने की बात पर विवाद हो गया। इस विवाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस मामले में विजय नगर पुलिस ने 18 घंटे में ही वारदात का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, विजय नगर पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार रात करीब 3 बजे की है। मौत सुबह 6.30 बजे हुई। पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। दोस्त मयंक ने बताया कि शुक्रवार को मेरा जन्मदिन था। इस मौके को सेलिब्रेट करने और चतुर्दशी की झांकी देखने के लिए गौरव भोपाल से इंदौर आया था। रात को हम दोनों ने पार्टी की। इसके बाद सराफा घूमने के लिए निकले थे। वापस आते समय सयाजी पेट्रोल पम्प पर जल्दी पेट्रोल भरवाने की बात पर पीछे खड़े व्यक्ति से विवाद हो गया। बाइक सवार बदमाशों ने गौरव को चाकू मार दिया। उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान सुबह मौत हो गई।
मयंक ने बताया कि गौरव (25) पुत्र रमेश भोपाल में सत्य साईं कॉलेज से बीटेक फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था। वह मूल रूप से छिंदवाड़ा का रहने वाला था और उसके पिता CRPF में पदस्थ हैं। वहीं उसका छोटा भाई तुषार नोएडा में पढ़ाई कर रहा है।
विवाद में पहले मारपीट, फिर चले चाकू
बदमाशों ने गौरव के साथ पेट्रोल पम्प पर ही मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने चाकू निकालकर गौरव को मार दिया। उसने गौरव पर दो वार किए। जिससे गौरव घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। अस्पताल में भर्ती करने के बाद उसे ए नेगेटिव ब्लड की जरूरत पड़ी। रात में करीब 4 घंटे तक मयंक और उसके साथ ब्लड के लिए परेशान होते रहे। लेकिन अस्पताल से लेकर किसी भी ब्लड बैंक में खून नहीं मिल सका।
ऐसे पकड़ाए बदमाश
विजय नगर पुलिस ने इस मामले में दो बदमाशों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक जिन बदमाशों ने गौरव को चाकू मारे सीसीटीवी में उनका बाइक नंबर साफ नजर नहीं आ रहा था। उन्होंने पेट्रोल पम्प पर पेटीएम से ऑनलाइन पेमेंट किया था। पुलिस ने यहां से अकाउंट की डिटेल लेकर बैंक से संपर्क किया। बैंक से बदमाशों का पता लगाया और मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने बदमाशों तक पहुंच गई। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।