
इंदौर (Indore) में एक वकील के 19 साल के बेटे ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या (suicide by shooting) कर ली, घटना शहर के एमजी रोड थाना क्षेत्र के रानीपुरा (Ranipura of MG Road police station area) की है।मृतक के पिता पेशे से वकील हैं। आरोप है कि परिवार ने पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी। करीब पांच घंटे बाद घटना की जानकारी देने की बात सामने आ रही है। मौके से सबूत मिटाने के चलते पुलिस इसे संदिग्ध मौत मान रही है।
परिवार ने बताया कि जिस 22 बोर की राइफल से स्टूडेंट ने सुसाइड किया वह लाइसेंसी है। सूचना मिलते ही टीआई और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस पूरे मामले में सबूत मिटाने को लेकर परिवार से पूछताछ कर रही है।
एसीपी वीपी शर्मा के मुताबिक रात में करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि रानीपुरा में रहने वाले राफे आतिफ (19) ने खुद को गोली मार ली है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जहां राफे का शव जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने घर से एक लाइसेंसी राइफल भी जब्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय भेज दिया।
पांच घंटे तक परिवार ने छिपाई वारदात
अधिकारियों के मुताबिक घटना करीब शाम 7 बजे के लगभग हुई थी। इसके बाद एमजी रोड पुलिस को रिश्तेदार ने कॉल कर मामले की जानकारी देर रात 12 बजे दी। रात में पुलिस ने राफे के पिता से बात करने की कोशिश की। लेकिन वह कुछ नहीं बता सके। पिता आतिफ भी पेशे से वकील हैं। पुलिस के मुताबिक रात में परिवार ने शव के ब्लड को भी साफ कर दिया। वहीं जमीन पर फैले ब्लड को भी साफ कर दिया। पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाकर जांच कराई गई। मौके से जब्त 22 बोर की राइफल में मैगजीन भी लगी हुई है।
जमीन पर राइफल टिकाकर दबाया ट्रिगर
माना जा रहा है कि राफे ने 22 बोर की राइफल को जमीन पर टिकाया होगा, फिर उसकी नाल ठोड़ी के पास गले से सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली राफे के सिर के आरपार निकल गई है। हालांकि मौके से गोली का खोल नहीं मिला है। माना जा रहा है कि परिवार ने सबूत मिटाने के दौरान खोल भी गायब कर दिया है। इसे लेकर पूछताछ की जा रही है।