कार में जिंदा जली इंदौर की महिला:चलती गाड़ी में लगी आग – देखें वीडियो

देवास में रविवार को एक दिलदहला देने वाला भयावह हादसा हुआ।इंदौर के रहने वाले दंपती की चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में महिला जिंदा जल गई। वहीं, पति भी गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे इंदौर रेफर किया गया है। हादसा रविवार दोपहर देवास के करीब महुड़ी गांव में हुआ।

 

इंदौर के रहने वाले सुनील (36) पिता चंदर सिंह चौहान, पत्नी राधाबाई के साथ शनिवार को सोनकच्छ के महुड़ी में रिश्तेदार से मिलने आए थे। यहां सुनील के जीजाजी धर्मेंद्र चौहान रहते हैं। दोनों रविवार को नैनो कार से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर दोपहर करीब 3 बजे कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार से भीषण लपटें निकलने लगीं।

 

पति ने कूदकर बचाई जान, हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि अचानक आग लगने से दंपती कार में फंस गए। सुनील ने किसी तरह कूदकर जान बचा ली, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही पत्नी जिंदा जल गई। सुनील भी करीब 70% जल गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद उन्हें देवास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से इंदौर रेफर कर दिया गया।

महिला को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला
चश्मदीद लोगों का कहना है कि आग की लपटें इतनी भयानक थी कि राधाबाई को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। कार में राधाबाई पूरी तरह जल गईं। उनका सिर्फ कंकाल ही बचा। खोपड़ी को इंदौर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए भेजा जाएगा।

आग के कारणों का पता नहीं चल सका
इधर, आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग काबू से बाहर हो चुकी थी। देवास और सोनकच्छ से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। पुलिस के मुताबिक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

भौंरासा थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में आसपास के लोगों ने चलती कार में आग लगना बताया है। आग लगने से महिला की मौत हो गई। आग कैसे लगी, मामले में जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *