
शहर के एरोड्रम क्षेत्र में पड़ोसियों का विवाद हुआ और जमकर मारपीट हो गई।इस मारपीट का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में महिलाओं के बीच हाथापाई हुई तो पुरुषों में जमकर डंडे चले। वहीं एक व्यक्ति ने युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। इस मामले की शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से की। हालांकि इस मामले में फिलहाल दूसरे पक्ष से बात नहीं हो सकी है।
मामला इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के अशोक नगर का है। भावसार परिवार की तरफ से मंगलवार को पुलिस अधिकारियों को शिकायत की और मारपीट का वीडियो भी बताया। परिवार के लोगों ने बताया घटना सोमवार की है। सुबह 10 बजे का वक्त था जब ये विवाद शुरु हुआ। रमेश भावसार बिजली कंपनी में इंजीनियर हैं और ऑफिस जाने के लिए तैयार हो रहे थे। परिवार का आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी राजेश राठौर और उनके परिवार के लोग घर के बाहर आए और वहां रखी एक फर्शी को लेकर विवाद करने लगे।
विवाद के वक्त वे गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ता चला गया और मारपीट की नौबत आ गई। परिवार का आरोप है कि पिछले काफी वक्त से वे उन्हें परेशान कर रहे हैं। रविवार को विवाद के बाद राठौर परिवार ने भावसार परिवार के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई। जब भावसार परिवार रिपोर्ट लिखवाने पहुंचा तो पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखी। भावसार परिवार का कहना है कि पड़ोसी द्वारा की जाने हरकतों की शिकायत वे सीएम हेल्प लाइन पर भी कर चुके हैं। भावसार परिवार का आरोप है कि पड़ोसी देर रात तक लाउड़ स्पीकर बजाते हैं। कई बार उन्हें समझाया पर वे नहीं मानते। छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करते है।
जमकर हुई हाथापाई, चले डंडे
इस विवाद का वीडियो सामने आया है। वीडियो में पहले कुछ देर तो पड़ोसियों के बीच कहासुनी चल रही है। इसके बाद मामला बढ़ता है और गाली-गलौज शुरु हो जाती है। इस दौरान महिलाओं के थप्पड़ और फिर हाथापाई शुरु हो जाती है और विवाद बढ़ने लगता है। वहीं पुरुष भी डंडे लेकर एक दूसरे पर डंडे बरसाने लगते है। इसी वीडियो में एक व्यक्ति युवती के बाल पकड़कर उसे रोड़ पर पटकते हुए भी नजर आ रहा है।
रात में लाउड स्पीकर बजाने का विवाद
इधर, भावसार परिवार का आरोप है कि छोटी-छोटी बात पर पड़ोसी विवाद करने लगते है। वे रात में 3 बजे लाउड स्पीकर बजाते है। कभी घर के बाहर तो कभी घर की छत पर कचरा फेंक देते हैं। उन्हें कई बार समझाया मगर वे नहीं मानते। मंगलवार को परिवार द्वारा शिकायत के बाद एडीशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी का कहना है कि युवती ने इस मामले की शिकायत की है और मारपीट का वीडियो भी पेश किया है। इस आधार पर मामले में एरोड्रम थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। दोपहर में परिवार थाने में रिपोर्ट करने पहुंचा है।