
शहर में एक महिला ने वकील पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया तो हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर वकील पर केस दर्ज करा दिया। इसके बाद वकील ने मीडिया के सामने आकर छेड़छाड़ की बात को झूठा और मनगढ़ंत बताया। जवाब में महिला ने वकील द्वारा की गई छेड़छाड़ के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। महिला ने बताया कि वकील किस तरह से उसके साथ छेड़छाड़ करता है।
मामला गांधी नगर का है। यहां 30 साल की हिंदू महिला ने एडवोकेट आफताब पठान पर हाथ पकड़कर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आफताब रास्ते में रोकता है। मुझे कहता है कि वह अपना धर्म छोड़कर उसके साथ रहने लगे। इसे लेकर रविवार को दोनों का विवाद भी हुआ। यह मामला जब हिंदूवादी संगठन तक पहुंचा तो उन्होंने इकट्ठा होकर थाने में केस दर्ज करा दिया। एडवोकेट आफताब पठान ने इस मामले में मीडिया के सामने आकर बताया कि महिला से उनका पालतू जानवरों को लेकर विवाद हुआ था। इसे लेकर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से शिकायत भी की थी। इसी का बदला लेने के लिये महिला ने उन्हें झूठा फंसाया है।
एडवोकेट आफताब के मीडिया के सामने आने पर जवाब में महिला ने पुलिस को सौंपे छेड़छाड़ के फुटेज पीड़ित महिला ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौपे है। जिसमें आफताब पठान का उनसे विवाद होते दिखाई दे रहा है। महिला का आरोप है कि आफताब ने उनके साथ अश्लील भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं कई बार वह मेरे नजदीक आकर भी खड़ा हो गया। लेकिन उसके बाद भी पुलिस ने सामान्य धमकाने के मामले में कार्रवाई कर दी। पीड़ित महिला का कहना है कि एडवोकेट आफताब ने पति को छोड़कर उसके साथ रहने की बात भी कही थी।
गाय पालने को लेकर की थी शिकायत
एडवोकेट आफताब ने बताया कि महिला ने उनके घर के पास खाली प्लॉट पर गाय पाल ली थी। मैंने सीएम हेल्प लाइन पर इसकी शिकायत कर दी। नगर निगम कर्मचारियों ने आकर गाय को वहां से हटाकर शेड तोड़ दिया था। इतना ही नहीं महिला का पति पालतू जानवरों का व्यापार करता है, जिसे लेकर भी रहवासियों ने शिकायत की। इस मामले में महिला उन्हें परेशान करती है। महिला ने इसी मामले में मेरी झूठी शिकायत पुलिस से की है।
इस मामले में टीआई एमके भास्करे ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच 2021 से विवाद चला आ रहा है। पहले इस मामले में दोनों के बीच लिखित राजीनामा भी हो गया। एक दिन पहले महिला थाने आई थी। उसने जो बयान दिए उसी की आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।