इंदौर।  नाइट कल्चर का ‘साइड इफेक्ट’, युवक-युवती को घेरकर पीटा, देखें वीडियो

शहर में नाइट कल्चर शुरु होने के बाद इसके साइड इफेक्ट लगातार सामने आ रहे हैं। एक बार फिर इंदौर में रात के वक्त युवक-युवती से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात की बताई जा रही है तब बीआरटीएस पर रात करीब 3 बजे एमआइजी चौराहे के पास युवक-युवती को कुछ युवकों ने जमकर पीटा आरोपी युवकों ने युवती की भी बेल्ट से पिटाई की। मुख्य चौराहे पर घटना हुई, लेकिन पुलिस नदारद थी। पुलिस के पहुंचने तक आरोपी भाग गए। आइ बस स्टॉप के सामने हुई इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। इस इलाके में एक महीने में ऐसी दूसरी घटना है।

 

नाइट कल्चर का ‘साइड इफेक्ट’
रविवार देर रात दो युवतियां व कुछ युवक आपस में लड़ रहे थे। युवकों ने युवती के साथ आए युवक को बेल्ट से पीटा। युवती बचाने आई तो उस पर भी बेल्ट से हमला किया। इस दौरान कई लोग जमा हो गए। मारपीट के बाद एक युवती बेहोश हो गई तो साथी उसे पानी डालकर उठाने की कोशिश करते रहे। इस बीच एमआइजी पुलिस की गाड़ी पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले भाग गए थे। आशंका है कि गाड़ी टकराने अथवा युवतियों पर छींटाकशी करने की बात पर विवाद हुआ था।

फुटेज से आरोपियों की कर रहे तलाश
एमआइजी टीआइ अजय वर्मा के मुताबिक, रजत निवासी तिलक नगर की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश की जा रही है। चौराहे पर पुलिस बल नहीं होने पर टीआइ का कहना है कि विजय नगर क्षेत्र में विवाद की सूचना पर चौराहे पर तैनात पुलिस बल वहां चला गया था। गौरतलब है कि एक महीने पहले युवतियों के बीच एमआइजी चौराहे पर जमकर मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। युवतियों ने एक युवती को सड़क पर गिराकर जमकर पीटा था। पुलिस ने आरोपी युवतियों को गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *