
इंदौर में एक बैंक मैनेजर का बेटा लापता हो गया। वह कोचिंग क्लास पर जाने का कह कर घर से निकला था। मगर अभी तक घर नहीं पहुंचा। परिवार ने कोचिंग, दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां भी पता किया पर लड़का नहीं मिला। परिवार ने परदेशी पुरा थाने में लड़के की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवार को शंका है कि कोई उनके बेटे को बहला फुसला कर ले गया है।
क्लर्क कॉलोनी में रहने वाले यशोधन भराडे ने परदेशी पुरा थाने में शिकायत की है। उन्होंने बताया कि वे एचडीएफसी बैंक में काम करते है। उनका बेटा पीयूष भराडे (17) 6 फरवरी की दोपहर को घर से विजय नगर स्थित कोचिंग क्लास जाने का बोल कर निकला। जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। उन्होंने फोन किया तो पता चला कि उसका फोन भी घर पर ही है। इसके बाद परिवार के लोगों ने कोचिंग क्लास सहित उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से भी उसके बारे में पता किया, लेकिन लड़के का पता नहीं चला। इसके बाद परिवार के लोग परदेशी पुरा थाने पहुंचे और इस मामले में शिकायत की।
घटना के बाद परिवार के लोग मंगलवार को भी परदेशी पुरा थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। परिवार को शंका है कि बेटे को कोई बहला फुसला कर ले गया है।