इंदौर। Indore New Railway Station Video: करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा इंदौर का नया रेलवे स्‍टेशन

देश के स्वच्छ शहर और राज्य के आर्थिक नगर इंदौर के शहरवासियों को भी जल्द ही वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की सौगात मिलने वाली है। रेल मंत्रालय नए रेलवे स्टेशन को राजवाड़ा के डिजाइन के आधार पर बनाने की योजना बना रहा है। इसी महीने इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए जाएंगे। 1000 करोड़ की लागत से बनने जा रहे इंदौर का नया रेलवे स्टेशन तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जो इसे अपनी तरह का पहला रेलवे स्टेशन भी बनाएगा।

आपको बता दें कि, इंदौर रेलवे स्‍टेशन नए कलेवर में तैयार करने की तैयारियां रेलवे की ओर से पूरी कर ली गई हैं। नए रेलवे स्टेशन के लिए रेल मंत्रालय की ओर से 15 फरवरी 2023 को टेंडर जारी किए जाएंगे। टेंडर जमा करने की आखिरी तारीख 15 अप्रैल तक होगी और 15 जून तक तय कर लिया जाएगा कि, किस कंपनी को टेंडर दिया जाएगा। आपको बता दें कि, इंदौर रेलवे स्‍टेशन के नवीनीकरण की खास बात ये होगी कि, इसका डिजाइन राजवाड़ा से प्रेरित होगा और यहां स्‍काय वॉक और नई दिल्ली की तर्ज पर मेट्रो स्‍टेशन को जोड़ा जाएगा। साथ ही, पार्क रोड स्टेशन का विकास भी किया जाएगा।

इस संबंध में इंदौर सांसद शंकर लालवानी का कहना है कि, इंदौर रेलवे स्‍टेशन को डेवलप करने के लिए मास्‍टर प्‍लान बनाया जा चुका है। इसी प्लान की तर्ज पर निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि, इंदौर देश में सबसे तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। जहां पूरे देश के साथ साथ विदेशों तक से लोग पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्‍टेशन को यात्रियों की बढ़ती हुई संख्‍या के हिसाब से सुविधाएं दी जाएंगी। रेलवे स्टेशन के अंदर आने वाले यात्रियों को काफी कुछ एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का आभास होगा।

रेलवे की ओर से जारी मास्टर प्लान पर गौर करें तो अत्‍याधुनिक स्‍टेशन का भव्‍य प्रवेश द्वार, रूफ प्‍लाजा, एक्‍जिक्‍यूटिव लाउंज, अतिरिक्‍त प्रवेश द्वार, प्‍लेटफॉर्म कवर शेड, स्‍टेशन क्षेत्र का हाईटेक ड्रेनेज सिस्टम, वाई-फाई आदि सुविधाएं यहां यात्रियों को मिलेंगी। इंदौर स्‍टेशन के नवीनीकरण में करीब 1 हजार करोड़ रुपए खर्च किये जाएंगे, जिसमें से 340 करोड़ रुपए इस साल के बजट में आवंटित किए गए हैं। रेलवे स्टेशन का विकास आने वाले 50 सालों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *