
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ शुक्रवार के दिन अपशब्द कहने वाले कांग्रेस के नेता चंद्रशेखर पटेल को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया। पटेल शहर से भागने की तैयारी में थे। पुलिस उनको शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी।
कांग्रेस ने शुक्रवार को सत्य सांई चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल भी शामिल हुए। पटेल ने मंच से सीएम को लालची और अपशब्द कहे। पहले तो उनके भाषण की कुछ लाइनों पर कांग्रेस नेताओं ने तालियां बजाईं, लेकिन जैसे ही उन्होंने सीएम को लेकर अपशब्द कहे वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। इसके बाद पटेल को वहां से भगा दिया गया। उनके खिलाफ विजयनगर थाने में केस दर्ज किया गया था।
सीएम को अपशब्द कहने का वीडियो सामने आया तो मामले ने तूल पकड़ लिया। इंदौर की राजनीति भी गरमा गई। मामले में भाजपा नेताओं ने भी मैदान संभाल लिया। पहले तो इसे लेकर भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया। वहीं, शाम को भाजपा नेताओं ने इस पूरे मामले का विरोध किया और अधिकारियों को कार्रवाई को लेकर ज्ञापन दिया।
दो केस; एक पटेल और दूसरा अन्य नेताओं पर:-भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सहित कई भाजपा नेताओं ने विरोध जताया। पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस मामले में दो केस दर्ज किए गए। इसमें एक केस कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल पर किया। दूसरा केस अन्य कांग्रेस नेताओं पर दर्ज किया।
इंदौर से भागने की तैयारी थी:-पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल को शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया। विजय नगर टीआई रविंद्र गुर्जर ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी इंदौर से भागने की तैयारी में था। मुखबिर से जैसे ही सूचना मिली वैसे ही पुलिस ने बाइपास से उसे गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कांग्रेस नेता पर दर्ज अन्य केस की जानकारी भी निकाली जा रही है।