इंदौर। किचन में ही बना रखी थी टायलेट:होटल में मिला खराब पनीर, पसरी थी गंदगी, रिपोर्ट आने पर संचालक पर केस ।

शहर में रेस्टोरेंट को बाहर से तो साफ रखा जा रहा है, लेकिन किचन की सफाई पर संचालक ध्यान नहीं दे रहे हैं। किचन में जगह-जगह गंदगी पसरी रहती है, जिसमें बनने वाले खाने से बीमारियों का खतरा रहता है। वही शहर की एक होटल में गंदगी और खराब राशन मिलने पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई की। इसके सैंपल लेकर भोपाल की लैब में भेजे गए। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद होटल संचालक के खिलाफ खाद्य और सुरक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को केस दर्ज कराया है।

परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले खाद्य विभाग की महिला अफसर अलमेलू पीवी ने अपनी टीम के साथ मिलकर मनीष पुत्र स्व. सोहनलाल कौशल की श्री राजाराम होटल एंड ढाबा छापामार कार्रवाई की थी। जिसमें किचन में गंदगी मिलने के साथ ही वहां पर टॉयलेट बनी मिली।

इसके साथ ही खाने की सामग्री को ढंककर रखने के बजाय खुले में रखा पाया गया। यहां से खाद्य विभाग की टीम ने पनीर व अन्य खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए थे। जिसे भोपाल में जांच के लिये भेजा गया। अफसरों ने यहां जांच में पाया कि कस्टमर को मिलावटी और सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाला भोजन परोसा जा रहा है। यहां किचन में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई थी। खाने के सामान के ऊपर मच्छर-मक्खियां मौजूद थे, लेकिन रेस्टोरेंट संचालक साफ-सफाई पर ध्यान ना देते हुए गंदगी में बनाए जा रहे खाने को ही ग्राहकों को परोस रहे थे।

इसमें खाद्य अधिनियम 2006 की धारा 32 में इसे अपराध जैसा पाया गया। इस मामले में महिला अफसर अलमेलू पीवी ने थाने में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने श्री राजाराम ढाबे के मालिक के खिलाफ कार्र​​​वाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *