इंदौर। महापौर को अचानक देखकर चौंक गए जलूद के अफसर…! एमआईसी सदस्य और प्लांट प्रभारी को नहीं पता था, कहां जा रहे हैं – अभिषेक कानूनगो

महापौर को अचानक देखकर चौंक गए जलूद के अफसर…!
एमआईसी सदस्य और प्लांट प्रभारी को नहीं पता था, कहां जा रहे हैं
अभिषेक कानूनगो
इंदौर का गला तर करने वाले जलूद के दौरे पर निकले महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ गाड़ी में जितने लोग सवार थे, उन्हें ये नहीं पता था कि कहां जा रहे हैं। जिन्हें भी अपने साथ जलूद के प्लांट पर ले जाना था उन्हें इंदौर पार करने के बाद महापौर ने बताया कि प्लांट देखकर आते हैं। उनके साथ जलकार्य प्रभारी और प्लांट के इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव भी मौजूद थे। महापौर जब वहां अचानक पहुंचे तो व्यवस्था में लगे अफसर भौचक्के रह गए।
भीषण गर्मी के पहले महापौर भार्गव की जलूद प्लांट का सरप्राइज दौरा कई लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता था। हालांकि वहां की तमाम व्यवस्थाएं सुचारू हैं। कुछ दिन पहले भार्गव ने जलूद जाने की बात जरूर कही थी, लेकिन कल जो हुआ वो पहली बार देखने को मिला। जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा और इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव को स्मार्ट सिटी के ऑफिस बुलाया। आधे घंटे वहां बैठने के बाद महापौर ने कहा, चलो एक-दो घंटे कहीं दौरा करने चलना है। जब सब गाड़ी में बैठ गए, तब पता लगा कि वांचू पाइंट और जलूद वाटर पंम्पिग प्लांट स्टेशन जा रहे हैं। महापौर ने यहां पहुंचते ही अधिकारियों ने उन्हें दफ्तर में ले जाने के लिए इशारा किया, लेकिन महापौर और जलकार्य प्रभारी ने पहले प्लांट देखने की इच्छा जता दी। वाचू पाइंट के बाद जलूद पहुंचे, जहां महापौर भार्गव ने पंम्पिंग स्टेशन की देखरेख कर रहे अफसरों को चेताया कि इतने बड़े सिस्टम को चलाने में गर्मी के कारण होने वाला फाल्ट इस साल नहीं होना चाहिए। एक कूलिंग स्टेशन बना लीजिए। पिछली बार पंप खराब होने के कारण सप्लाय में दिक्कत आई थी। बड़ोदा से पंप बनकर आने में चार दिन लग गए थे। इस बार ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए। अभी 450 एमएलडी पानी जलूद से इंदौर लाया जा रहा है। गर्मी में पानी की मात्रा 50 से 60 एमएलडी तक बढ़ जाएगी। इस बात का ध्यान रहे कि मांग बढऩे पर मशीनों की खराबी के कारण परेशानी नहीं आनी चाहिए।
इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव ने वहां की साफ-सफाई के बारे में महापौर को बताया। भार्गव कहने लगे, स्वच्छ शहर का प्लांट है, ये तो साफ रहेगा ही। गर्मी में पानी की मांग बढऩे में किन दिक्कतों के कारण प्लांट में परेशानी आ सकती है, इन सभी की सूची बनाने को कहा गया है। एक बड़ा सबमर्सिबल पंप खरीदकर रख लिया है, जबकि एक ट्रांसफार्मर के लिए टेंडर भी निकाले हैं।
40 हेक्टेयर में बनेगा सोलर प्लांट
जलूद में जो जगह सोलर पावर प्लांट के लिए तय की गई है, वो 40 हेक्टेयर से ज्यादा है। कल महापौर भार्गव ने इस जमीन को देखकर वहां से लाइन डालने की ड्राइंड इंजीनियर से मांगी। भार्गव का कहना है, टेंडर खुलते ही सोलर प्लांट का काम शुरू कर देंगे। 40 हेक्टेयर में 160 बीघा जमीन आती है।
महापौर के दौरे में उद्यान की शिकायत
आज सुबह महापौर मूसाखेड़ी के वार्ड 51 के दौरे पर गए थे। यहां के पार्षद मलखान कटारिया की मौजूदगी में रहवासियों ने महापौर भार्गव के सामने उद्यान का ठीक से रख-रखाव नहीं होने की शिकायत कर दी। महापौर ने मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए। हालांकि क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र हार्डिया महापौर के दौरे में नहीं पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *