
शहर के चर्चित संदीप तेल हत्याकांड के एक आरोपित जीतू बना उर्फ बाबा को अजमेर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। 16 जनवरी 2019 को संदीप अपने ऑफिस से निकल रहा था तब आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसे सरेआम शूट कर दिया था। आरोपी ने शहर के बड़े कारोबारियों, भूमाफियाओं और मुख्य षड्यंत्रकारी केबल कारोबारी रोहित सेठी, इन सभी के द्वारा 5 करोड़ की सुपारी देने की बात भी कबूली है।
टीआई रवींद्र गुर्जर ने बताया कि आरोपी जितेंद्र उर्फ बना सुपारी किलर है। इस पर 48 अपराध दर्ज हैं। हत्या में उपयोग की गई पिस्टल की रिकवरी के लिए इसे कोर्ट पेश कर 10 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि संदीप तेल की हत्या के लिए गैंगस्टर सुधाकर राव मराठा ने उसे हायर किया था। हत्या की साजिश रोहित सेठी के फार्महाउस पर रची गई थी। वहां कई बड़े जमीन कारोबारी शामिल थे, जिसमें उसने कुछ नाम अजमेरा और हैप्पी के बताए हैं। हालांकि, वह राजस्थान का है, इसलिए पूरे नाम ठीक से याद नहीं हैं। हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों के नामों की जानकारी उससे जुटाई जा रही है। आरोपी बोला कि केबल कारोबार में संदीप की पार्टनशिप हो जाने के बाद से ही रोहित सेठी उससे परेशान था, क्योंकि संदीप कारोबार को हायर करने लगा था, इसलिए उसे हटाने के लिए हत्या करवाई।
दो महीने रैकी, फिर की हत्या:-आरोपी जितेंद्र ने बताया कि हत्या की साजिश रचने के बाद करीब दो माह तक उन्होंने संदीप तेल की रैकी की। उसके घर आने, ऑफिस जाने, पार्टी करने के स्थान, दोस्तों के साथ मिलने वाले स्थान आदि की जानकारी जुटाई। संदीप अपने साथ सिक्योरिटी गार्ड रखता था। रैकी के दौरान जैसे ही पता चला कि वह ऑफिस से बिना गार्ड के निकल रहा है तो उस पर वहीं गोलियां दाग दीं। इसके लिए देवास से एक कार भी चोरी की थी, हत्या के बाद कार पुलिस ने जब्त कर ली थी। जितेंद्र बना ने बताया कि सुधाकर राव मराठा पूरे हत्याकांड का षड्यंत्रकारी रहा है। उसने हत्या के दिन ही राजस्थान में मारपीट के मामले में खुद पर केस दर्ज करवाकर सरेंडर कर दिया था, ताकि उस पर कोई शक न कर सके।