
शहर के बाम्बे हॉस्पिटल में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद वहां के सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने मारपीट ओर तोड़फोड़ के मामले में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की है।
लसूड़िया पुलिस के मुताबिक बॉम्बे हॉस्पिटल में 18 अप्रैल को संजय यादव को गंभीर हालत में उपचार के लिये भर्ती किया गया था। 26 अप्रैल की देर रात संजय की मौत हो गई। इसके बाद परिजन सुनील और सुनील के साथ अन्य लोगों ने 26-27 अप्रैल की दरमियानी रात स्टाफ से मारपीट की। आरोपियों ने अस्पताल में मरीजों और मेडिकल स्टाफ के सामने तोड़फोड़ करने की कोशिश की। वार्ड में मौजूद गार्ड ने सभी को समझाइश की कोशिश की। लेकिन आरोपियों ने गार्ड के साथ भी हाथापाई की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने नर्सिंग स्टाफ और ड्यूटी डॉक्टर को भी पीटा और धमकाया। घटना के बाद अस्पताल के सिक्यूरिटी इंचार्ज राघवेंद्रसिंह की ओर से लसूड़िया थाने में सूचना दी गई। पुलिस को अस्पताल की ओर से घटना के सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए गए। इन फुटेज के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात में केस दर्ज कर लिया है।
आईसीयू में चल रहा था उपचार
बॉम्बे हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि संजय का आईसीयू में उपचार चल रहा था। परिजनों को संजय के इलाज की अपडेट समय-समय पर दी जा रही थी। मौत की सूचना के बाद अचानक संजय के भाई सुनील और अन्य परिजनों ने वार्ड में रिसेप्शन पर मौजूद स्टाफ के साथ अभद्रता करना शुरू कर दी। आरोपियों ने वार्ड के कांच व अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी।