इंदौर। बाणगंगा ब्रिज सड़क हादसे में सीसीटीवी फुटेज आए सामने – आप भी देखें वीडियो

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया।क्रेन ने बाइक से जा रहे चार लोगों की जान ले ली।आगे निकलने की होड़ में क्रेन कार और रिक्शा को टक्कर मारते हुए यात्री बस में जा घुसी। मृतकों में तीन बच्चों और फार्मा कंपनी कर्मचारी की जान चली गई। ये मोटर साइकिल से जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि पुलिस को शवों को समेट कर चादर में भरना पड़ा।

 

घटना मंगलवार शाम करीब सवा छह बजे ओवरब्रिज के नीचे हुई । क्रेन(एचआर -38बी-2002) लवकुश चौराहा से मरीमाता चौराहा की तरफ तेज रफ्तार में आ रही थी। आगे जा रही जय बाबा बाल हनुमान ट्रेवल (जीजे-06बीटी-9960) की यात्री बस से आगे निकलने की होड़ में एक कार और रिक्शा को टक्कर मारते हुए दो बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद दोनों बाइक क्रेन के बीचोंबीच फंस गई:-दोनों बाइक क्रेन के बीचों बीच फंस गई जिसमें 16 वर्षीय रितेश किशोरी,6 वर्षीय शरद उर्फ अतु किशोरी,13 वर्षीय राज खोखर और 56 वर्षीय सुनील परमार की मौत हो गई। क्रेन बाइक सहित शवों को घसीटते हुए ले गई। पुलिस ने क्रेन चालक अनीश शरीफऊल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके विरुद्ध गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।

तेज रफ्तार में थी क्रेन:-डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्रसिंह भदौरिया के मुताबिक क्रेन मैसर्स सुरेंद्र शुक्ला एंड फर्म की है जिसे शुभा शुक्ला संचालित करती है। क्रेन चालक अनीश सुपर कारिडोर से लौट रहा था। वह काफी तेज रफ्तार में था। ब्रिज से उतरते वक्त गति पर नियंत्रण नहीं रख पाया और आगे चल रहे वाहनों को चपेट में ले लिया।

क्रेन का अगला हिस्सा बस में घुस गया:-क्रेन का अगला हिस्सा बस में घुस गया और क्रेन रुक गई वरना कईं लोगों को चपेट में ले लेती।हादसे में शारदा पति दिनेश किशोरी घायल हुई है।उसके दोनों पैरों में फ्रेक्चर है। रितेश, शरद शारदा के बेटे हैंं, जबकि राज बहन भारती का बेटा है।

मां को लेकर शादी से लौट रहे थे बच्चे:-एसीपी धैर्यशील येवले के मुताबिक शारदा मूलत: साड़(झाबुआ) की रहने वाली है। 2007 से वह कावेरीनगर(एरोड्रम) में रहती है। पति दिनेश किशोरी मजदूरी करता है। मंगलवार को शारदा ग्राम रेवती में रहने वाले भाई भंवरसिंह की बेटी ज्योति की शादी में गई थी। रितेश,शरद और राज के साथ वह घर लौट रही थी। मृतक सुनील परमार(संगमनगर)फार्मा कंपनी में एचआर की नौकरी करते थे और शाम को ड्यूटी समाप्त कर घर के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही ब्रिज से नीचे उतरे क्रेन का शिकार हो गए।

बच्‍चों की मौत की खबर मिली तो हो गई बेहोश:-शारदा को अरविंदो अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डाक्टर ने जैसे ही बच्चों की मौत की खबर दी शारदा रोते हुए बेहोश हो गई। मृतक राज पुत्र चंगीराम बंजारी(डबल चौकी) में रहने वाली बहन भारती का बेटा था।

टक्कर से टप्पे खाते हुए डेयरी में जा घुसा रिक्शा:-प्रत्यक्षदर्शी विजय जाट(पूजा डेयरी) के मुताबिक हादसा उनके सामने हुआ। उस वक्त वह दूध बांट रहे थे। तेज रफ्तार में आई क्रेन ने आटो रिक्शा (एमपी 09आर-2278) को टक्कर मारी तो टप्पे खाते हुए डेयरी में घुसा और आगे लगे लोहे के खंभे में घुस गया।

चालक ने रिक्‍शा से कूदकर जान बचाई:-चालक जहिरुद्दीन(राजकुमार बांक) ने रिक्शा से कूद कर जान बचा ली। विजय जाट दुकान से बाहर निकले तब तक क्रेन बाइक सवारों को रौंद कर बस में घुस चुकी थी। गनीमत रही रही कि आटो रिक्शा में सवारियां नहीं थी।

चालक बोला अपने आप न्यूट्रल हो गया गियर, पुलिस ने चलाई तो सही निकली क्रेन:-क्रेन चालक अनीश से डीसीपी धर्मेंद्रसिंह भदौरिया,एडीसीपी राजेश रघुवंशी ने पूछताछ की तो उसने कहा ब्रिज से उतरने के दौरान क्रेन का गियर अपने आप न्यूट्रल हो गया था। उसने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक फेल हो गए। आगे चल रहे वाहन चालकों को हटने के लिए आवाज भी लगाई। टीआइ राजेंद्र सोनी के मुताबिक क्रेन सही पाई गई है। चालक तेज रफ्तार में था। पुलिस ने कारिडोर बना कर क्रेन को पुलिस लाइन भिजवाया। क्रेन का गियर और ब्रेक सही पाए गए। पुलिस अब एमटीओ से तकनीकी जांच करवा कर विधिवत रिपोर्ट लेगी ताकि चालक पर सख्त कार्रवाई हो।

मां ने रखी थी पूजा, घर लौट रहे थे सुनील:-हादसे में जान गंवाने वाले सुनील परमार का परिवार संगम नगर में रहता है। पत्नी वंदना परमार केंद्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं। बेटा आइआइटीयन है और बेंगलुरु में नौकरी करता है। वे पत्नी व बच्चे के साथ ट्रेजर टाउन में रहते थे। सुनील सांवेर रोड की एक फैक्ट्री में एचआर विभाग में थे। स्वजन के मुताबिक मंगलवार को सुबह सुनील की मां ने घर में पूजा रखी थी। उनको और वंदना को शाम को संगम नगर जाना था। सांवेर रोड फैक्ट्री से लौटकर संगम नगर जा रहे थे। इस दौरान हादसा हो गया। घटना का पता चला तो छोटे भाई प्रवीण परमार, भतीजा मयंक और पत्नी वंदना अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। मां को देर रात तक यही बताया कि वे घायल हैं और आइसीयू में हैं। बेटे को बेंगलुरु में सूचना दे दी थी। वह बुधवार को पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *