
सुशासन हमारी सरकार का मूल मंत्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल, देवास जिले के सोनकच्छ तहसीलदार अंजली गुप्ता के वायरल वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने संज्ञान लिया है। अंजली गुप्ता को जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। तहसीलदार का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें में अभद्र भाषा में किसानों को हड़काते हुए नजर आ रही थीं। वहीं, सीएम मोहन यादव ने यह भी कहा कि सुशासन हमारी सरकार का मूल मंत्र है।
दरअसल, देवास जिले के सोनकच्छ की तहसीलदार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। जिसमें तहसीलदार अंजली गुप्ता किसानों को हड़काते हुए कह रहीं थी कि आपने सरकार चुनी है, मैं रिस्पॉन्सिबल नहीं हूं। उन्होंने किसान के अंग्रेजी बोलने पर उसे फटकार दिया। तहसीदार अंजली गुप्ता वायरल वीडियो में कहती हुई दिखीं कि दो शब्द अंग्रेजी के क्या सीख लिए बोलने लगे ‘यू आर रिस्पॉन्सिबल’।
वायरल वीडियो पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने संज्ञान लेते हुए सोनकच्छ तहसीलदार अंजली गुप्ता को मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम मोहन यादव ने कहा कि अधिकारी आम लोगों के साथ सभ्य और शालीन भाषा का इस्तेमाल करें। इस तरह की अभद्र भाषा बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेरे निर्देश के बाद कलेक्टर द्वारा तहसीलदार को जिला मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन हमारी सरकार का मूल मंत्र है।