
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रशासक गणेश धाकड़ मंदिर की व्यवस्थाओं को दुरस्त करने में लगे हुए हैं, लेकिन फिर भी आए दिन कोई ना कोई अव्यवस्था सामने आ ही जाती है। महाकालेश्वर मंदिर के प्रोटोकॉल कार्यालय का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवती केक काटकर अपना जन्मदिन मनाते दिखाई दे रही है। महाकालेश्वर मंदिर में इस प्रकार से जन्मदिन मनाया जाने को लेकर वायरल हो रहा है। महाकाल मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ ने भी वीडियो-फोटो देखने के बाद नियम के तहत कार्रवाई करने की बात कही है।
महाकाल मंदिर प्रोटोकॉल ऑफिस के पास भोपाल की कम्पनी एआर-वीआर तकनीक से श्रद्धालुओं को भस्म आरती दिखाने का काम कर रही है, यहां करीब एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियां रोजाना श्रद्धालुओं को भस्म आरती के दर्शन करवाते हैं। मंगलवार को प्रोटोकॉल कार्यालय के ऊपर प्रथम मंजिल पर वीआर के लिए काम करने वाली एक कर्मचारी युवती का जन्मदिन मनाया गया। जन्मदिन का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वीडियो में केक काट रही युवती के पास अन्य कर्मचारी युवक युवती भी दिखाई दे रहे, इस दौरान युवती मंदिर परिसर में ही केक काट रही है। वीडियो बनाने वाले ने केक कटिंग का वीडियो बनाते हुए महाकाल लोक का भी वीडियो बनाया है
मंदिर में केक काटकर जन्मदिन मनाना गलत : महेश पुजारी
वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर समिति के पुजारी महेश शर्मा ने कहा कि अगर जन्मदिन मंदिर में ही मनाना हो तो बाबा महाकाल के दर्शन करें, भस्मारती में शामिल हों, हार पहनें, पंडित जी का आशीर्वाद लेकर जन्मदिन मनाया जा सकता है। इस तरह से मंदिर परिसर में केक काटना धर्म के विपरीत है। पूर्व में भी महाकाल मंदिर के नंदीगृह में केक काटने पर नोटिस जारी होकर प्रतिबंध लग चूका है।
पूर्व में भी हो चुकी है कार्रवाई
करीब 6 वर्ष पहले महाकाल मंदिर के नंदीगृह में श्रद्धालु ने केक काटकर जन्मदिन मनाया था, जिसका वीडियो वायरल होने पर तत्कालीन कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देश पर कोर्ट में दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा 107 व 116 में केस दर्ज किए जाकर इन्हें नोटिस जारी किए गए थे। दोनों के मंदिर में एक महीने तक प्रवेश प्रतिबंधित करने के नोटिस भी जारी किए गए थे। यहीं नहीं इसका सहयोग करने वाली महिला होमगार्ड पर भी कार्रवाई की गई थी।