कोरोना वैक्सीन पर अच्छी खबर,फरवरी-मार्च तक मार्केट में आ जाएगी कोविशील्ड

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने दावा किया है कि ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड फरवरी-मार्च तक बाजार में आ सकती है. उन्होंने कहा, “हम सरकार के वैक्सीन खरीद के आदेश का इंतजार कर रहे हैं.” भारत में कोरोना की दो वैक्सीन को मंजूरी मिल चुकी है. ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने रविवार को ही सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड और भारत बॉयोटेक की कोवैक्सीन को मंजूरी दी है.

अदार पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन की 5 करोड़ डोज वितरण के लिए तैयार हैं. हमें सरकार के खरीद आदेश का इंतजार है. आजतक से बातचीत करते हुए अदार पूनावाला ने कहा कि वैक्सीन फरवरी-मार्च तक बाजार में आ जाएगी. उन्होंने कहा कि वैक्सीन का कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है. लंबी सुरक्षा के लिए दो खुराक जरूरी होगी. तीन महीने के अंतराल में वैक्सीन 90 प्रतिशत असरदार है.

वैक्सीन पर किस रफ्तार से काम हो रहा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इमरजेंसी अप्रूवल से पहले ही सीरम इंस्टीट्यूट ने पांच करोड़ डोज तैयार भी कर लिए थे. अच्छी बात ये है कि इस वैक्सीन के करोड़ों डोज भारत को मिलेंगे ये तय है.

 

इससे पहले अदार पूनावाला ने कहा कि हम वैक्सीन के वितरण के लिए तैयार हैं. उन्होंने ट्वीट किया कि सभी को नया साल मुबारक, सीरम इंस्टिट्यूट ने वैक्सीन इकट्ठा करने का जो रिस्क लिया था, उसका फल मिल चुका है. देश की पहली कोरोना वैक्सीन को अनुमति मिल चुकी है जो सुरक्षित है, प्रभावी है और आने वाले दिनों में वितरण के लिए तैयार है.

उधर, डीसीजीआई ने सीरम इंस्टिट्यूट की वैक्सीन को अनुमति देते हुए बताया कि वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना होगा. साथ ही ये भी बताया कि टीका कराने वालों को कोविशील्ड की दो-दो खुराक दी जाएंगी. वैक्सीन को सौ फीसदी सुरक्षित बताया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *