विदेश यात्रा पर जाने वालों को CoWIN एप पर मिलेगा नया फीचर, सर्टिफिकेट में होगा ये बदलाव

भारतीयों के टीकाकरण  की स्थिति को लेकर भारत-यूके की खींचतान के बीच, विदेश यात्रा करने वालों के लिए कोविन एप  पर एक नया फीचर सामने आया है. बता दें CoWin प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) में उन लोगों की पूरी जन्मतिथि होगी जिन्हें कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं. नए प्रमाण पत्र को डब्‍ल्‍यूएचओ के मानकों के हिसाब से तैयार किया गया है. बता दें कि अभी तक कोरोना सर्टिफिकेट में केवल नाम, टीकाकरण के स्थान जैसी अन्‍य जानकारी के साथ जन्म के वर्ष के आधार पर लाभार्थी की उम्र की जानकारी लिखी होती थी. रिपोर्ट के मुताबिक कोविन एप का ये नया फीचर पूरी जन्मतिथि के साथ अगले हफ्ते से उपलब्ध हो सकता है.

कोविन एप से जुड़ी जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि कोविन एप में बहुत जल्‍द ये बदलाव देखने को मिलेगा. इस फीचर के आने के बाद जो यात्री विदेश यात्रा करना चाहते हैं उन्‍हें काफी लाभ मिलेगा. जो भी यात्री कोरोना वैक्‍सीन की दोनों डोज ले चुके हैं उनके टीकाकरण प्रमाण पत्र पर जन्म की पूरी तारीख लिखी होगी. बता दें कि यूके की ओर भारतीय यात्रियों को दी जाने वाली कोविशील्ड वैक्‍सीन को तो मंजूरी दे दी गई है लेकिन भारत की ओर से दिए जाने वाले सर्टिफिकेट को लेकर अभी भी संदेह बना हुआ है.

आधिकारिक सूत्र की ओर से बताया गया है कि यह तय किया गया है कि कोविन एप में एक नई सुविधा जोड़ी जाएगी, जिसके तहत जिन लोगों को कोरोना वैक्‍सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है और वो विदेश यात्रा करना चाहते हैं, उनके टीकाकरण प्रमाणपत्र पर जन्म की पूरी तारीख दर्ज होगी.

यात्रा के लिए अपनाने होंगे ये नियम
वैक्‍सीन सर्टिफिकेट में नाम, जन्‍म तिथि, वैक्‍सीन का नाम, निर्माता, पहली डोज की तारीख, टीकाकरण किस देश में हुआ है, इन सबकी जानकारी शामिल है. अगर आपके दस्तावेज में ये सभी जानकारी नहीं दी गई है तो आप विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे. कोविन वैक्सीन सर्टिफिकेट में फिलहाल लाभार्थी का नाम, जन्म के वर्ष के आधार पर आयु, आईडी, वैक्सीन का नाम, लिंग, पहली खुराक की तारीख, दूसरी खुराक की तारीख, टीकाकरणकर्ता, टीकाकरण केंद्र का नाम और शहर या राज्य लिखा होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *