
इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में लीग की सबसे कामयाब टीम चेन्नई सुपर किंग्स को बुरे दौर का सामना करना पड़ रहा है. सीएसके को पिछले दो मैचों में बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से करारी हार का सामना करना पड़ा है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीएसके की हार के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर टीम के सबसे कामयाब बल्लेबाज सुरेश रैना की वापसी को लेकर अभियान छेड़ रखा है.
अब सीएसके सीइओ विश्वनाथन ने रैना की वापसी पर बात की है. उन्होंने ANI एजेंसी से कहा है कि रैना का आईपीएल से खुद को अलग करना उनका नीजि फैसला है. विश्वनाथन ने कहा कि रैना की वापसी को लेकर फ्रेंचाइजी नहीं सोच रही है. उन्होंने कहा कि रैना ने खुद ही आईपीएल से बाहर जाने का फैसला किया है, उसके फैसले का हम सम्मान करते हैं. हम उनकी वापसी के बारे में नहीं सोच रहे हैं.
एजेंसी को दिए अपने बयान में सीएसके की हार पर सीइओ विश्वनाथन ने कहा कि, टीम टूर्नामेंट में शानदार वापसी करेगी, हमारी टीम में बेहतरीन खिलाड़ी हैं जो आने वाले मैचों में कमाल का परफॉर्मेंस कर टीम को वापसी करा सकते हैं. हमारे पास बेहतरीन फैन फॉलोइंग है, मैं उन फैन्स को विश्वास दिलाता हूं कि टूर्नामेंट में सीएसके की टीम वापसी करेगी. यह गेम है जिसमे आपका बुरा और अच्छा दिन आता-जाता रहता है. सीइओ विश्वनाथन ने अंबाती रायडु पर भी बात की और कहा कि वो हैम्स्ट्रिंग की मांसपेशियों में दर्द से परेशान हैं और उम्मीद है कि आगले मैच में वापसी करेंगे.
सीएसके के कप्तान धोनी ने भी हार के बाद कहा कि, अब टीम के पास खुद को फिर से तरोताजा करने के लिए 7 दिनों का ब्रेक है, अगले मैच में रायडु टीम का हिस्सा होंगे. हम अगले मैच से पहले कुछ चीजों पर ध्यान देंगे. सीएसके की टीम का अगला मैच अब 2 अक्टूबर को होना है.