
ऐसा काफी कम हुआ है जब धोनी मैच के दौरान मैदान पर गुस्सा हुए हों, लेकिन आईपीएल 2021 के दूसरे दौर के पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक ऐसी घटना घटी जिसने फैन्स और क्रिकेट पंडित को भी हैरान कर दिया. दरअसल मैदान पर धोनी अपने साथी खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो पर भड़कते हुए दिखाई दिए. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. हुआ ये कि मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान बल्लेबाज सौरव तिवारी का कैच लेने के क्रम में धोनी और ब्रावो कन्फ्यूज हो गए जिसके कारण सीएसके के कप्तान धोनी ने कैच को टपका दिया. इसके बाद धोनी क्रोधित हो गए और ब्रावो को बीच मैदान पर फटकार लगाते दिखे. यही नहीं ब्रावो अपने कप्तान की डांट को सुनकर शांत नजर आए. धोनी-ब्रावो का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
यह वाकया मुंबई की पारी के 18वें ओवर की है। इस समय तक मुंबई ने 6 विकेट खोकर 115 रन बना लिए थे। चेन्नई की तरफ से यहां दीपक चाहर बॉलिंग कर रहे थे। इस ओवर की चौथी गेंद पर तिवारी ने स्कूप करने की कोशिश की लेकिन गेंद ने थोड़ी हाइट पकड़ ली और 30 यार्ड सर्कल में ही रह गई। ये गेंद ड्वेन ब्रावो और धोनी दोनों के करीब थी, लेकिन धोनी ने कॉल किया और कैच को लेने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान ब्रावो ने शायद धोनी की कॉल सुनी नहीं और वे भी कैच लेने की दौड़ पड़े। बाद में धोनी के सामने अचानक ब्रावो आ गए, जिसकी वजह से कैच छूट गया।
हालांकि यह कैच छूटने का चेन्नई को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ और टीम ने आईपीएल की सबसे सफल टीम के खिलाफ 20 रनों से जीत दर्ज की। धोनी और ब्रावो से जीवनदान मिलने के बाद भी सौरव अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब नहीं हो सके और 50 रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई की तरफ से ऑलराउंडर ब्रावो ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके। ब्रावो ने सिर्फ गेंद ही नहीं बल्कि बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 8 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 23 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। धोनी की बात करें तो उन्होंने इस मैच में निराश किया और 5 गेंदों पर मात्र 3 रन बनाए।