करेंसी नोट का इस्तेमाल करने वालों के लिए जरूरी खबर

क्या आप भी कोरोना महामारी के दौरान डिजिटल भुगतान की बजाय नोट का इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपके लिए यह खबर जानना बेहद जरूरी है कि नोट से कोरोना का संक्रमण फैलता है या नहीं। जी हां, करेंसी नोट द्वारा किसी भी प्रकार का बैक्टीरिया या वायरस फैल सकता है और इसलिए करेंसी के उपयोग की बजाय लोगों को डिजिटल भुगतान का अधिक से अधिक इस्तेमाल करना चाहिए। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स यानी CAIT (Confederation of All India Traders) द्वारा भेजे गए एक सवाल के जवाब में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक मेल में अप्रत्यक्ष रूप से यह बात कही है। RBI (Reserve Bank of India) ने कहा है कि लोगों को करेंसी नोटों के स्थान पर ज्यादा से ज्यादा डिजिटल भुगतान  का उपयोग करना चाहिए।

न्यूज एजेंसी IANS की खबर के मुताबिक, इससे पहले 9 मार्च को CAIT ने केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण  को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या करेंसी नोट बैक्टीरिया और वायरस के वाहक हैं या नहीं? कन्फेडरेशन ने कहा है कि मंत्रालय से यह लेटर RBI को भेज दिया गया था। RBI ने CAIT को संकेत देते हुए जवाब दिया था कि करेंसी नोट बैक्टीरिया और वायरस के वाहक हो सकते हैं, जिसमें कोरोनावायरस भी शामिल है। लिहाजा, इससे बचने के लिए डिजिटल भुगतान का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

CAIT को 3 अक्टूबर 2020 को भेजे अपने जवाब में RBI ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी को सीमित करने के लिए लोग अपने घरों से ही सुविधापूर्वक मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, कार्ड इत्यादि जैसे ऑनलाइन चैनल्स के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर सकते हैं और करेंसी का उपयोग करने अथवा ATM से नकदी निकालने से बच सकते हैं। इसके अलावा कोरोना पर अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी सार्वजनिक स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है।

CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष  बीसी भरतिया और राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल  के मुताबिक, RBI का जवाब यह बताता है कि डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा होना चाहिए। बयान में कहा गया है कि डिजिटल लेन-देन के लिए लगाए गए बैंक चार्ज को माफ किया जाना चाहिए और सरकार को बैंक चार्ज के बदले बैंकों को सीधे सब्सिडी देनी चाहिए। यह सब्सिडी सरकार पर वित्तीय बोझ नहीं डालेगी, बल्कि यह नोटों की छपाई पर होने वाले खर्च को कम कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *