ग्वालियर में प्रेम प्रसंग की वजह से बेटी की हत्या — शादी के चार दिन पहले पिता व चचेरे भाई ने पिस्टल से मारी गोली, एक दिन पहले का वीडियो, कहा- घरवाले रोज…देखें VIDEO

ग्वालियर में प्रेम प्रसंग की वजह से बेटी की हत्या करने वाले पिता और चचेरे भाई को जेल भेज दिया गया है। माना जा रहा था कि 20 वर्षीय तनु को सबसे पहले गोली पिता महेश गुर्जर ने ही मारी है। लेकिन पुलिस की जांच में सामने आया है कि पहले गोली पिता ने नहीं, उसके चचेरे भाई राहुल गुर्जर ने मारी थी।

राहुल की पिस्टल से तीन गोलियां मारी गईं। तीनों तनु के सीने पर लगी थीं। आखिरी गोली महेश ने कट्‌टे से चलाई, जो तनु के चेहरे पर लगी थी। हत्या की वजह 6 साल पहले शुरू हुई प्रेम कहानी है। तनु की मुलाकात आगरा के विक्की से एक शादी समारोह में हुई थी। विक्की की बहन तनु के पड़ोस में ब्याही थी। इसी वजह से उसका ग्वालियर आना-जाना होता था। दोस्ती के बाद दोनों में प्रेम संबंध पनप गए। उन्होंने शादी करने की ठान ली थी।

ग्वालियर में शादी के 4 दिन पहले पिता महेश गुर्जर और चचेरे भाई राहुल ने तनु की हत्या कर दी थी।

तनु और विक्की एक ही समाज के थे। इसी वजह से तनु के पिता महेश गुर्जर रिश्ता जोड़ने के लिए तैयार हो गए। लेकिन कुछ रिश्तेदारों के भड़काने के बाद उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने तनु का रिश्ता कहीं और तय कर दिया। शादी की तारीख भी फिक्स हो गई थी। तनु ने इसका विरोध किया तो पिता और चचेरे भाई ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पढ़िए, पूरी रिपोर्ट…

राहुल ने तनु के सीने जबकि महेश ने उसके चेहरे पर गोलियां मारी थीं।

अपनी बहन के घर आता था विक्की, तभी हुई दोस्ती तनु जिस लड़के से प्यार करती थी, उसका नाम विक्की उर्फ भीकम मावई निवासी पिनाहट आगरा यूपी है। वह समाज का ही है। तनु के घर के पास उसकी बहन की ससुराल थी। तनु उसकी बहन को भाभी कहती थी। विक्की अक्सर अपनी बहन की ससुराल आता-जाता था।

तनु और विक्की 6 साल पहले एक शादी समारोह में मिले थे। तब तनु 14 साल की थी। दोनों की दोस्ती हुई। दिन ब दिन उनकी दोस्ती गहरी होती चली गई और कब यह प्यार में बदल गई पता ही नहीं चला।

शादी के लिए हो गए थे राजी, रिश्तेदारों ने भड़काया

तनु ने हत्या से एक दिन पहले अपना एक वीडियो वायरल किया था। जिसमें उसने स्वीकार किया था कि परिवार के लोग पहले तो विक्की से रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन अब जबरदस्ती शादी कहीं और कर रहे हैं। छानबीन में पता लगा है कि जब तनु ने विक्की मावई से प्यार होने की बात मां के जरिए परिवार में बताई तो लोगों को बुरा लगा।

लड़का समाज का था और ठीक घर से था। उनके गौत्र भी आपस में क्रॉस नहीं हो रहे थे। ऐसे में पिता दोनों की शादी के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन इसी बीच कुछ समाज के लोगों और रिश्तेदारों ने लव मैरिज पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने महेश गुर्जर को भड़काया कि आज तुम्हारी लड़की लव मैरिज कर रही है तो कल हमारे परिवार में भी यही होगा। इसमें इज्जत की बात है। इसी बात पर महेश और उसका भतीजा राहुल दोनों भड़क गए थे।

14 जनवरी की शाम को वारदात के बाद पुलिस अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।

वीडियो में कहा- घरवाले रोज मारते हैं…हैलो, मेरा नाम तनु गुर्जर है, मेरे पापा का नाम महेश गुर्जर है। मेरी मम्मी का नाम ममता गुर्जर है। मैं आदर्श नगर की रहने वाली हूं। आपको बताना चाहती हूं कि मैं एक लड़के से बहुत प्यार करती हूं। हमारे रिलेशन को छह साल हो गए हैं। पहले मेरे घरवालों ने शादी के लिए हां कर दी थी, लेकिन फिर मना कर दिया। अब वो मुझे डेली मारते भी हैं।

मारने की धमकी भी देते हैं। जिससे मैं प्यार करती हूं उसका नाम भीकम मावई है। वो आगरा का रहने वाला है। अगर मैं मरी या मुझे कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार मेरे घरवाले होंगे। वो मुझ पर डेली प्रेशर बनाते हैं। किसी और से शादी करने के लिए कह रहे हैं, लेकिन मैं नहीं कर सकती।

तनु को मारी गई थी चार गोली, तीन पिस्टल से चलीं

  • जांच में पता लगा है कि तनु को कुल चार गोली मारी गई थी।
  • तीन गोली उसके शरीर में 32 बोर की पिस्टल से लगी है।
  • एक गोली 315 बोर की लगी है जो कट्टे से चलाई गई है।
  • मतलब साफ है कि पिता और चचेरे भाई ने ही उसे गोलियां मारी हैं।

वीडियो का पता चलते ही भड़का, घर पहुंचकर मारी गोलियां

समाज के लोगों के भड़काने से पिता अपनी बेटी से गुस्सा था। इसी बीच उसके हाथ मंगलवार (14 जनवरी) शाम को बेटी का वायरल वीडियो लग गया। जिसके बाद वह आगबबूला हो गया था। जब वह घर पहुंचा तो गुस्से में था। घर पर उसे पता लगा कि पुलिस वीडियो वायरल होने के बाद समझाने आई थी। जिसके बाद उसने कुछ नहीं देखा।

वह अंदर जाकर बेटी से बहस करने लगा। इस दौरान राहुल ने पिस्टल से 3 गोलियां मार दी। इसके बाद महेश पिता ने भी कट्‌टे से फायर कर दिया। सूचना मिलते ही 200 मीटर की दूरी पर मौजूद सीएसपी पहुंचे तो राहुल भाग चुका था, लेकिन उसकी हत्या कर आरोपी पिता कट्‌टा लहराता रहा। जिसे पुलिस ने किसी तरह काबू पाकर पकड़ा था।

तनु की शादी के कार्ड भी छप चुके थे। मेहमानों का पहुंचना शुरू हो गया था।

एयरफोर्स के सर्जेंट से तय किया था रिश्ता

 पिता ने अपनी बेटी के लिए जो वर चुनाव था वह शिशुपाल सिंह गुर्जर था, वह एयरफोर्स में बतौर सर्जेंट पदस्थ है। शिशुपाल भिंड के पटलोखरी का रहने वाला है। तनु ने उसे भी साफ कह दिया था कि वह शादी से इनकार कर दे, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इसके बाद 18 जनवरी को दोनों की शादी तय हो गई थी।

घर में आ गए थे रिश्तेदार, कार्ड भी बंट रहे थे

बेटी तनु की शादी के लिए पूरी तैयारियां अंतिम दौर में थी। शादी के कार्ड लगभग लग चुके थे। कुछ शादी के कार्ड क्राइम सीन पर कमरे में पास ही एक कोने में रखे हुए मिले हैं। घर के बाहर टेंट लगने के लिए सामान भी आ गया था। बुआ-मामी व रिश्तेदार भी आ चुके थे।

एक पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। मामले में पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए गए थे। अब दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

-धर्मवीर सिंह, एसपी ग्वालियर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *