
पाकिस्तान के रेलवे मिनिस्टर शेख रशीद ने कहा- भारत में अब हिंदुत्व और श्री राम की ही बातें होती हैं
रशीद के मुताबिक, भारत में अल्पसंख्यकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है
अयोध्या में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के लिए भूमि पूजन करेंगे। इससे पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। इमरान खान सरकार में रेल मंत्री शेख रशीद ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए उसे सांप्रदायिक करार दिया है। रशीद ने एक बयान में कहा- भारत अब राम नगर हो गया है। वहां सेक्युलरिज्म नहीं रहा।
अयोध्या मामले में जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला राम मंदिर के पक्ष में आया था, तब भी रशीद ने कुछ इसी तरह की प्रतिक्रिया दी थी। तब रशीद ने कहा था कि भारत में अब हिंदूवादी ताकतें हावी हो गई हैं।
श्रीराम का हिंदुत्व
मंगलवार को एक बयान में इमरान के रेल मंत्री शेख रशीद ने भारत में सेक्युलरिज्म पर ही सवाल उठा दिए। कहा- भारत अब राम नगर में तब्दील हो चुका है। वहां सांप्रदायिकता बढ़ रही है और धर्म निरपेक्षता यानी सेक्युलरिज्म खत्म हो रहा है। साफ तौर पर कहूं तो भारत अब सेक्युलर रहा ही नहीं। वहां अल्पसंख्यकों को दिक्कत हो रही है। भारत अब श्रीराम के हिंदुत्व में ढल चुका है।