
पंजाबी अदाकार और किसान आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले दीप सिद्धू की भयानक सड़क हादसे में मौत हो गई है।सिंघु बॉर्डर के पास कुंडली मानेसर हाईवे पर दीप सिद्धू की स्कॉर्पियो कार एक 22 टायर ट्रक से जा भिड़ी। कार में दीप सिद्धू अपनी गर्लफ्रेंड और पंजाबी अदाकारा रीना राय के साथ थे। हादसे में रीना राय को भी गंभीर चोट आईं लेकिन गनीमत ये रही कि उनकी जान बन गई। घटना के वीडियोज सामने आए हैं जिन्हें देखकर ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक रहा होगा।
दीप सिद्धू का शव पोस्टमॉर्टम के बाद पंजाब के लुधियाना ले जाया गया है। लुधियाना के गुमान स्टेट में दीप सिद्धू की अंत्येष्टि की जाएगी। जिस एम्बुलेंस में दीप सिद्धू का शव लेकर जाया जा रहा है, उस पर परिजनों और समर्थकों ने फूलों की बरसात की। पुलिस ने दीप सिद्धू की दोस्त रीना राय से पूछताछ की तो पता चला कि ये हादसा कैसे हुआ। रीना राय ने बताया, ‘दीप सिद्धू की आंख लगने से ये हादसा हुआ। ट्रक से टक्कर के बाद कार तकरीबन 20 से 30 मीटर सड़क पर घिसटती चली गई। कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।’
रीना राय ने बताया कि ये हादसा बहुत भयानक था। जिस ट्रक से उनकी कार टकराई वो रोड पर खड़ा नहीं था बल्कि रफ्तार में था। जानकारी के अनुसार, दीप सिद्धू गुरुग्राम से बठिंडा जा रहे थे। हादसे के वक्त रात के करीब साढ़े नौ बजे थे। दीप सिद्धू और रीना राय को पुलिस खरखौदा के स्थानीय सीएचसी में लेकर पहुंची थी जहां दीप को मृत घोषित कर दिया गया।
वकील से अभिनेता, फिर किसान आंदोलन में नेता बने दीप:-साल 1984 में पंजाब के मुक्तसर जिले में पैदा हुए दीप सिद्धू ने कानून की पढ़ाई की और वह किंगफिशर मॉडल अवार्ड जीत चुके थे। साल 2015 में दीप की पहली पंजाबी मूवी रमता जोगी रिलीज हुई थी। इसके बाद साल 2018 में आई फिल्म जोरा दस नंबरिया से दीप की लोकप्रियता बढ़ी। इस फिल्म में उसने गैंगस्टर का लीड रोल किया था। पंजाब में उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता थी।

प्रेमिका रीना राय की सिद्धू के साथ आखिरी तस्वीर
दीप सिद्धू और रीना राय की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है, जिसमें दोनों एक शीशे को देखते हुए सेल्फी ले रहे हैं। रीना ने सैल्फी के साथ लिखा था, “हैपी वेलेंटाइन डे।वायरल फोटो में दीप और रीना साथ दिखाई दे रहे हैं। यह तस्वीर 14 फरवरी की इंस्टा स्टोरी है। 15 फरवरी की रात दीप के निधन की खबर आ गई। रीना राय अस्पताल में भर्ती हैं।