
कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ दिल्ली में ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग बढ़ती जा रही है. ऐसे में कई जालसाजी के मामले भी सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला दिल्ली के अलीपुर में सामने आया है. यहां फायर एक्सटिंग्विशर (आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर) को ऑक्सीजन सिलेंडर का रंग कर बेच रहे थे.पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 532 फायर एक्सटिंग्विशर गैस सिलेंडर बरामद किए हैं. ये तीनों जरूरतमदों में फर्जी ‘ऑक्सीजन सिलेंडर’ की भारी कीमत वसूलते थे और उनकी जिंदगी से खिलवाड़ करते थे. तीनों आरोपियों की पहचान रवि शर्मा (40), मोहम्मद अब्दुल (38) और शंभू शाह (30) के रूप में की गई है, जो अलीपुर के रहने वाले हैं. पुलिस ने कहा कि यह मामला मंगलवार को तब समाने आया जब राधा वल्लभ सेवा संघ एनजीओ चलाने वाले मुकेश खन्ना नाम के एक शख्स ने फर्श बाजार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. यह एनजीओ कोविड मरीजों को नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराने का काम करता है.
खन्ना ने आरोप लगाया कि एक ऑक्सीजन सिलेंडर डिस्ट्रीब्यूटर (वर्षा इंजीनियरिंग, अपणी कॉलोनी, अलीपुर) ने उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर 5,500 रुपये प्रति 4.5 लीटर पर बेचा था. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जब उन्होंने फिर से उसी वितरक से संपर्क किया और अधिक सिलेंडर मांगे, तो डिस्ट्रीब्यूटर ने 4.5 लीटर सिलेंडर के लिए 13,000 रुपये की मांग की.
छापेमारी के दौरान हुआ बड़ा खुलासा
अधिकारी ने कहा कि शिकायत पर, एक छापेमारी टीम अलीपुर में उस स्थान पर पहुंची, जहां तीन लोग काले रंग से कुछ गैस सिलेंडर्स को रंगते हुए पाए गए. पुलिस उपायुक्त (” शाहदरा) आर सत्यसुंदरम ने कहा, “पूछताछ के दौरान, यह पाया गया कि वितरक रवि शर्मा अग्नि सिलेंडर के लाल रंग को हटा रहा था, जो कि CO2 भरने के लिए इस्तेमाल किया जाता है और उन्हें अब्दुल और शाह की मदद से काले रंग से ऑक्सीजन सिलेंडर में बदल रहा था.”
आग बुझाने वाले सिलेंडर बेचकर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी
शर्मा और उसके साथियों ने शिकायतकर्ता को ऑक्सीजन सिलेंडर के रूप में आग बुझाने वाले सिलेंडर बेचकर एक बड़े पैमाने पर धोखा दिया है. डीसीपी ने कहा कि सभी तीन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं. पुलिस ने विभिन्न आकार के 532 आग बुझाने वाले लोहे के गैस सिलेंडर, 26 ऑक्सीजन गैस सिलेंडर नोजल, दो इलेक्ट्रिक ग्राइंडर सिलेंडर के लाल पेंट, तीन सिल्वर कलर स्प्रे-पेंट के डिब्बे, एक ब्लैक पेंट बॉक्स, एक पेंट-ब्रश, एक पाइप-रिंच और 49,500 रुपये नकद जब्त किया.