
देश की राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी के दिन हुई हिंसा को लेकर दिल्ली पुलिस अभी भी कई आरोपियों की तलाश में जुटी है। इन्हीं आरोपियों में से एक है लखबीर सिंह उर्फ लक्खा सिधाना, जिसकी तलाश पुलिस को है और अब लखबीर के सिर पर पुलिस ने 1 लाख रुपए का ईनाम रख दिया है।पंजाब के बठिंडा के रहने वाले लख्खा को ढूंढ़ने के लिए एसआईटी की टीमें कई जगह छापेमारी कर रही हैं. उस पर 20 से ज्यादा आपराधिक केस दर्ज हैं. खुद को अब समाजसेवी कहने वाले लक्खा ने रामपुरा सीट से विधान सभा चुनाव भी लड़ चुका है, लेकिन चुनाव में उसकी जमानत जब्त हो गयी थी.
लक्खा ने 25 जनवरी को मंच से भाषण दिया था कि युवा जहां परेड चाहते हैं, परेड वहीं से निकलेगी. उस पर आरोप है कि लाल किले पर उसने भीड़ को भड़काया और वो खुद हिंसा में शामिल था. कुछ दिन पहले ही उसने वीडियो जारी कर कहा कि उसके दीप सिद्दू से कितने भी मतभेद हों, लेकिन हमें उसके साथ खड़ा होना चाहिए. उसने 10 फरवरी को यह वीडियो अपलोड किया था.
बता दें, लाल किला हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू और इकबाल सिंह को पहले ही दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इकबाल सिंह को पंजाब के होशियारपुर से गिरफ्तार किया था. इकबाल सिंह पर 50 हज़ार रुपये का इनाम था. इकबाल सिंह पर आरोप है कि 26 जनवरी को लाल किले में मौजूद था और लोगों को लाल किले का गेट तोड़ने और झंडा फहराने के लिए उकसा रहा था. इकबाल सिंह लुधियाना का रहने वाला है और हिंसा के वक्त फेसबुक लाइव कर रहा था.