हाथी पर योगासन मामले में बाबा रामदेव पर मुकदमा दर्ज करने की मांग

एक टीवी चैनल पर हाथी पर योग करने के मामले में योग गुरू बाबा रामदेव आरोपों के घेरे में आ गए हैं।बाबा रामदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए मंगलवार को अधिवक्ताओं ने न्यू आगरा थाने में तहरीर दी। अधिवक्ताओं ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
मथुरा के महावन स्थित रमणरेती आश्रम में सोमवार को बाबा रामदेव ने हाथी पर योगासन किए थे। इस दौरान वह योग का अभ्यास कराते समय हाथी से गिर गए। हालांकि संभल जाने के कारण योग गुरु को चोट नहीं आई। इसका वीडियो वायरल हुआ था।

इससे पहले अधिवक्ताओं ने बाबा रामदेव, हाथी रेस्क्यू सेंटर चुरमुरा के निदेशक और एक टीवी चैनल को नोटिस भेजा था। नोटिस का जवाब नहीं देने पर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को थाने में तहरीर दी।
अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा, एसपी भारद्वाज, गगन शर्मा, राजवीर सिंह और राखी चौहान ने संयुक्त रूप से ये नोटिस भेजा था। नोटिस में कहा था कि पंतजलि योग पीठ के संस्थापक योग गुरू रामदेव की योग क्रियाओं का अनुसरण लाखों लोग करते हैं। बेजुबान एवं धर्म के प्रतीक रूप में स्थान रखने वाले जीव पर योग करना वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत पशु क्रूरता की श्रेणी में आता है।
मंगलवार को अधिवक्ता नरेंद्र शर्मा, राखी चौहान, भावना, एसपी भारद्वाज, अमित दिवाकर, भारत सिंह, प्रशांत पचौरी, यतेंद्र गौतम ने थाना न्यू आगरा में तहरीर दी। थाना न्यू आगरा पुलिस का कहना है कि अधिवक्ता तहरीर देने आए थे। इस पर उनसे संबंधित थाने में तहरीर देने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *