चार बार की TMC MLA सोनाली गुहा अब बीजेपी में होंगी शामिल, कल टिकट कटने पर रो पड़ीं थीं

पश्चिम बंगाल  के दक्षिण 24 परगना के सतगछिया से तृणमूल कांग्रेस की विधायक सोनाली गुहा अब बीजेपी में शामिल होंगी. बता दें कि कल शुक्रवार को ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 291 सीटों के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची शुक्रवार को जारी की थी, जिसमें सोनाली गुहा का नाम काट दिया गया था.

चार बार विधायक रहीं सोनाली गुहा ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ने उनसे यहां हेस्टिंग्स में पार्टी के कार्यालय में आकर भगवा पार्टी में शामिल होने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा, “मुकुलदा ने कल दोपहर एक बजे मुझे हेस्टिंग्स कार्यालय में बुलाया है. वहां मैं BJP में शामिल होउंगी.”

पश्चिम बंगाल विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष गुहा ने एक बार फिर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह फैसला लेना पड़ेगा. सतगछिया से विधायक गुहा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस में उन्हें सम्मान नहीं मिला. बताते चलें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए टिकट नहीं मिलने पर तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं ने नाराजगी जाहिर की और इसे लेकर कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी किया गया है.

सतगछिया से चार बार की विधायक सोनाली गुहा को जब यह पता चला कि उन्हें इस बार टिकट नहीं दिया गया है तो वह रोने लगीं. किसी समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करीबी सहयोगी रही गुहा ने कहा, ‘‘ईश्वर ममता-दीदी को अच्छी समझ और सम्मति दें, मैं शुरू से उनके साथ हूं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *