केरल विधानसभा चुनाव 2021: टिकट ना मिलने से नाराज महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मुंडवाया सिर, दिया पद से इस्तीफा

केरल में विधानसभा चुनाव से पहले महिला कांग्रेस की केरल इकाई की अध्यक्ष लतिका सुभाष  ने एत्तूमनूर सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद रविवार को पद से इस्तीफा दे दिया. सुभाष ने राज्य में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सूची नई दिल्ली में जारी होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया. वरिष्ठ नेता सुभाष (56) ने टिकट नहीं मिलने पर विरोध जताने के लिए यहां पार्टी कार्यालय के सामने बैठकर अपने सिर के बाल भी मुंड़ा लिए.

नई दिल्ली में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख मुल्लापल्ली रामचंद्रन द्वारा उम्मीदवारों की सूची की घोषणा करने के तुरंत बाद सुभाष ने यहां पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की सूची में महिला उम्मीदवार कम हैं।

कांग्रेस द्वारा आज जारी 86 उम्मीदवारों की सूची में केवल 9 महिलाएं हैं। केरल में हो सकता है कि ऐसा पहली बार हुआ हो कि किसी राजनीतिक दल के किसी नेता ने चुनाव का टिकट नहीं मिलने पर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ इस तरह का कठोर कदम उठाया है।

बता दें कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच एक जानी-मानी महिला चेहरा, लतिका सुभाष ने 2018 में महिला कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष का पद संभाला था।

कांग्रेस ने 86 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की:-बता दें कि रविवार को कांग्रेस ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए 86 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है।पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को पुथुपल्ली सीट से जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथला को हरिपद सीट से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने वतकारा से सांसद के मुरलीधरन को तिरुवनंतपुरम की नेमोम विधानसभा सीट से टिकट दिया है। वर्ष 2016 के चुनाव में भाजपा सिर्फ इसी सीट पर जीत दर्ज कर सकी थी।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एम रामचंद्रन ने पार्टी आलाकमान और स्क्रीनिंग कमेटी से विचार-विमर्श के बाद दिल्ली में 86 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी केरल में 92 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस ने अभिनेता धर्माजन को कोझिकोड जिले की बालुस्सेरी सीट से उतारा है। पूर्व पर्यटन मंत्री ए पी अनिल कुमार वंदूर सीट से जबकि युवा कांग्रेस नेता शफी परमबिल पलक्कड़ से चुनाव लड़ेंगे। परमबिल का पलक्कड़ में भाजपा उम्मीदवार और ‘मेट्रोमैन’ के नाम से मशहूर ई श्रीधरन से होगा।

इसी तरह, युवा नेताओं वी टी बलराम को त्रिथला से, ए एम रोहित को पोन्नानी से, डॉ सरीन पी को ओट्टापलम से और के एम अभिजीत को कोझिकोड उत्तर सीट से टिकट मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *