जन्मदिन से ठीक पहले बिका देव आनंद का 73 साल पुराना बंगला, इतने करोड़ में हुआ सौदा

इसी महीने की 26 तारीख को सदाबहार अभिनेता कहलाने वाले देव आनंद की जन्मशती है। देव आनंद के चाहने वाले दुनिया भर में करोड़ों हैं। वे जब भी मुंबई आते हैं तो जुहू में साल 1950 में बने उनके बंगले को देखने जरूर आते हैं। देव आनंद ने इसमें अपने जीवन के खूबसूरत 40 साल बिताए लेकिन लंबे अरसे से उजाड़ पड़ा यह बंगला अब जमींदोज होने जा रहा है। यहां 22 मंजिल की एक इमारत उगेगी और इसके साथ ही इस शहर से देव आनंद की आखिरी निशानी भी हमेशा हमेशा के लिए खो जाएगी।

 

अविभाजित पंजाब के शकरगढ़ में 26 सितंबर 1923 को जन्मे देव आनंद ने उन दिनों जुहू में एक बंगला बनवाया था, जब यहां दूर दूर तक इंसानी चहल पहल गिनती की थी। जुहू समुद्र तट पर मछुआरों का डेरा हुआ करता था और उन दिनों मुख्य मुंबई तक ही सीमित रहने वाले सिनेमाई शोर शराबे से जब देव आनंद का जी ऊबता तो वहां ये इस बंगले में चले आते। ये बात सन 1950 की है। बाद में मुंबई शहर से फिल्मी स्टूडियोज के तम्बू उठे तो फिल्म को अधिकतर कामकाज अंधेरी उपनगर में होने लगा। उस लिहाज से ये जगह देव आनंद के लिए माकूल भी थी।

लेकिन, तन्हाई में रहने के आदी देव आनंद को जुहू में बढ़ती भीड़ कतई पसंद न आती। उनके घर के सामने कभी शानदार और हरा भरा पार्क हुआ करता था। इस पार्क के न रहने और वहां दूसरे बंगले बन जाने से भी देव आनंद घुटन महसूस करते। जुहू के जिस बंगले की बिक्री हुई है उसका सौदा कोई 400 करोड़ में हुआ बताते हैं। अभी सिर्फ बातचीत ही अंतिम दौर तक पहुंची है और इसकी कागजी कार्यवाही होनी बाकी है।

 

बंगले को बेचे जाने की मुख्य वजह मुंबई में अब देव आनंद के किसी वारिस का न होना ही माना जा रहा है। 2011 में अपने पिता के निधन के बाद से उनके बेटे सुनील आनंद का भी यहां आना कम ही होता है। वह लंदन में अपनी गृहस्थी बसा चुके हैं। देव आनंद की बेटी देविना अब ऊटी में रहती हैं। अपनी मां कल्पना कार्तिक के साथ। 1954 में कल्पना से शादी के बाद देव आनंद इसी बंगले में बरसों बरस रहे, अपने इन दोनों बच्चों के साथ। लेकिन, अब इस निशानी के वारिस इसकी देखरेख से दूर होना चाहते हैं।

 

निर्देशक पी एल संतोषी की फिल्म ‘हम एक हैं’ से अपना अभिनय करियर शुरू करने वाले अभिनेता देव आनंद की गिनती बीते दौर के दिग्गज फिल्म कलाकारों में होती है। देव आनंद, दिलीप कुमार और राज कपूर की तिकड़ी दुनिया भर में तब मशहूर हुई। देव आनंद ने जीनत अमान, टीना मुनीम और जैकी श्रॉफ जैसे सितारों को हिंदी सिनेमा में शोहरत दिलाई। ‘गाइड’ जैसी दुनिया भर में मशहूर हुई फिल्म बनाई। फिल्में तो उनकी कतार से हिट रही हैं। लेकिन, इन सारी हिट फिल्मों से भी ज्यादा हिट जो एक नाम रहा, वह है देव आनंद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *