
टीवी सीरियल देवों के देव महादेव और फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक से नाम और शोहरत कमाने वाले मशहूर अभिनेता मोहित रैना ने गुपचुप तरीके से शादी रचा ली । नववर्ष के खास मौके पर एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर करके अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है ।मोहित रैना ने न केवल अपनी खूबसूरत वाइफ के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं, बल्कि उन्होंने एक लंबा पोस्ट लिखकर इसमें अपने दिल की बात भी कही है.

मोहित ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है कि, “किसी भी बाधा को प्यार नहीं पहचानता. यह सभी बाधाओं को दूर कर देता है. प्यार छलांग लगाता है. अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए आशाओं से भरा हुआ प्यार दीवारों को भी फांद जाता है. इसी उम्मीद और अपने मां-बाप के आशीर्वाद से अब हम दो नहीं, बल्कि एक हो चुके हैं. अपनी जिंदगी की इस नई यात्रा में आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की हमें जरूरत है. अदिति और मोहित”.

मोहित इन तस्वीरों में अपनी पत्नी के साथ मंडप में नजर आ रहे हैं. उन्होंने क्रीम कलर की शेरवानी पहन रखी है, जिसमें उनका लुक देखते ही बन रहा है. वहीं उनकी पत्नी अदिति ने कलरफुल लहंगा पहन रखा है और साथ में हरे रंग का दुपट्टा ले रखा है. सेलिब्रिटीज के साथ मोहित रैना के फैंस भी उन्हें बधाई दे रहे हैं. करण जौहर ने भी मोहित रैना की तस्वीरों पर कमेंट करते हुए ‘बधाई’ लिखा है. वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘मुंबई डायरीज 26/11’ वेब सीरीज में मोहित के किरदार को हाल ही में बहुत पसंद किया गया था.
