देवास BJP नेता और शराब कारोबारी पोपेंदर सिंह बग्गा नर्मदा में गिरे; 10 किमी बहने के बाद पबजी खेल रहे युवकों ने नाव से बचाया, बोले- पैर फिसल गया था

देवास बीजेपी के एक नेता रविवार (31 अगस्त) रात खंडवा के मोरटक्का पुल से नर्मदा नदी में गिर गए। 10 किलोमीटर तक बहते हुए मदद की गुहार लगाते रहे। नर्मदा किनारे पबजी गेम खेल रहे लड़कों ने देखा तो नाव छोड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

मोरटक्का में हाेटल में स्कूटी पार्क कर 100 फीट तक पैदल चलकर मोरटक्का पुल पर पहुंचे थे भाजपा नेता पोपेंदर सिंह बग्गा।

नेता की पहचान पोपेंदर सिंह बग्गा (60) के रूप में हुई है, जो देवास बीजेपी के जिला महामंत्री रह चुके हैं। वे इंदौर क्षेत्र में बड़े शराब ठेकेदार भी हैं। पुलिस पूछताछ में बग्गा ने नदी में गिरने की वजह पैर फिसलना बताया।

पोपेंदर सिंह बग्गा ने पूछताछ में नदी में गिरने की वजह पैर फिसलना बताया।

मोबाइल बंद, स्कूटी पार्क की, चप्पल छोड़ी

पोपेंदर सिंह बग्गा देवास के कांटाफोड थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारदा के रहने वाले हैं। वे फिलहाल इंदौर के विष्णुपुरी इलाके में रहते हैं। रविवार दोपहर उन्होंने मोबाइल बंद कर लिया। फिर स्कूटी लेकर ओंकारेश्वर के लिए निकल गए। देर शाम तक ओंकारेश्वर में घूमते रहे। रात करीब साढ़े 8 बजे मोरटक्का पहुंचे और यहां गोपाल मिडवे होटल में स्कूटी पार्क कर दी।

इसके बाद 100 फीट पैदल चलकर मोरटक्का पुल पर पहुंचे, जहां रेलिंग लगी हुई है। बग्गा ने वहां चप्पल छोड़ी और कूदने लगे। करीब आधे घंटे बाद वे 10 किलोमीटर दूर आली गांव में मिल गए। मोरटक्का पुलिस की पूछताछ में कहा कि पैर फिसल गया था, जिससे वह नर्मदा में गिर गए। पुलिस ने उन्हें इंदौर से आए बेटे के सुपुर्द कर दिया।

रात करीब साढ़े 8 बजे बग्गा ने मोरटक्का के गोपाल मिडवे होटल में स्कूटी पार्क की।

नर्मदा किनारे नाव में बैठे गांव के लड़कों ने बचाया

पुलिस पूछताछ में पोपेंदर सिंह बग्गा ने बताया कि तैरना आता था, लेकिन नर्मदा उफान पर थी। 5-10 मिनट में वह मोरटक्का पुल से 10 किलोमीटर दूर आली गांव के पास पहुंच गए। आली गांव में नर्मदा किनारे नाव में बैठकर कुछ लड़के पबजी गेम खेल रहे थे।

उन्होंने बग्गा की आवाज सुनी और तत्काल नाव लेकर बग्गा के पास पहुंच गए। सुरक्षित बाहर निकाला उन्हें आश्रम पर ले गए। यहां उन्हें सूखे कपड़े पहनाए और नाश्ता-भोजन कराया। देर रात इंदौर से उनका बेटा वहां पहुंचा और घर ले गया।

बेटे की मौत से टूटे, संगठन में भी जगह नहीं मिली

पुलिस की पूछताछ में भाजपा नेता और शराब कारोबारी पोपेंदर सिंह बग्गा ने सुसाइड अटेम्प वाली बात खारिज कर दी। हालांकि देवास बीजेपी से जुड़े बग्गा के करीबी बताते हैं कि, एक साल पहले उनके एक बेटे की मौत हो गई थी। तबसे वे टूट गए थे और लगातार तनाव में चल रहे है। रविवार को भी उन्होंने मोबाइल बंद कर लिया। लग्जरी कार रखने वाले बग्गा स्कूटी लेकर इंदौर से 100 किलोमीटर दूर ओंकारेश्वर पहुंच गए।

इधर, दूसरी वजह यह भी सामने आई कि देवास बीजेपी में बग्गा अब तक जिला महामंत्री थे। प्रदेश कार्यकारिणी में भी रह चुके हैं। रविवार को भाजपा ने देवास जिले की नई कार्यकारिणी घोषित की, इसमें बग्गा का नाम नहीं था। जबकि इसी सूची में पहले के दो जिला महामंत्री रिपीट हुए हैं।

मोरटक्का पुल पर पहुंचने के बाद बग्गा ने वहीं अपनी चप्पल छोड़ दी थी।

पुलिस ने पूछताछ के बाद बग्गा को बेटे के सुपुर्द किया मोरटक्का चौकी प्रभारी लखन डावर ने बताया कि घटना रविवार रात 9 बजे की है। इंदौर निवासी पोपेंदर बग्गा अपने घर-परिवार में बिना बताए स्कूटी से ओंकारेश्वर और फिर मोरटक्का आए थे। गोपाल मिडवे के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि बग्गा ने स्कूटी पार्क की, फिर वे पुल की तरफ गए। बग्गा ने पैर फिसलने से गिरना बताया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें बेटे के सुपुर्द कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *