
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डेब्यू करने वाले मोहम्मद सिराज वतन लौट आए हैं। मेलबर्न टेस्ट में डेब्यू करने वाले सिराज ने भारत की तरफ से सीरीज में सर्वाधिक 13 विकेट चटकाए और टीम की जीत में अहम योगदान दिया। हालांकि उनके लिए यह सब इतना आसान नहीं था। उन्होंने दौरे के बीच में अपने पिता को खो दिया, उसके बाद ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों की गालियां सुनी इन सबके बावजूद वह अपने लक्ष्य से नहीं भटके और जबरदस्त प्रदर्शन किया।
उनकी इस जिंदादिली और जुझारूपन के खुद बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र भी मुरीद हो गए हैं और सिराज पर गर्वान्वित हैं। धर्मेंद्र ने ट्विटर पर सिराज की तस्वीर शेयर करते हुए एक खूबसूरत संदेश लिखा और सिराज की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, ‘सिराज, भारत के बहादुर बेटे तुम्हें प्यार। नाज है तुझ पर, दिल पर वालिद की मौत का सदमा लिए तुम वतन की आन के लिए मैच खेलते रहे और एक अनहोनी जीत वतन के नाम दर्ज कर के लौटे। कल तुझे अपने वालिद की कब्र पर देख कर मन भर आया। जन्नत नसीब हो उन्हें। धर्मेद्र की मोहम्मद सिराज के लिए की गई पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है, साथ ही लोग इसपर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं.
बता दें कि मोहम्मद सिराज ने हैदराबाद पहुंचते ही हवाई अड्डे से सीधे अपने पिता की कब्र पर गए. उन्होंने वहां पर पहुंचकर फूल चढ़ाये और नमाज पढ़ी. आटो रिक्शा चलाने वाले सिराज के पिता का 53 वर्ष की उम्र में बीते 20 नवंबर को निधन हो गया. सिराज के पिता को फेफड़े संबंधी बीमारी थी. बताया जा रहा है कि इससे एक सप्ताह पहले ही सिराज भारतीय टीम के साथ आस्ट्रेलिया पहुंचे थे. उन्हें घर लौटने का विकल्प दिया गया लेकिन वह टीम के साथ रूके. सिराज ने वापसी के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “मेरे लिये यह मुश्किल था. मैं बहुत दुखी था. मैने घर पर अपनी मां और परिवार से बात की जिन्होंने मेरा सहयोग किया. उन्होंने मुझसे अब्बा का सपना पूरा करने के लिये कहा । मेरी मंगेतर ने भी मुझे प्रेरित किया.”