धीरेंद्र शास्त्री हजरत-ए-आदम की औलाद हैं’: बरेली में बवाल, मौलाना रजवी बोले – भारत का मुसलमान असली; AIMIM अध्यक्ष शौकत अली बोले – अतीत में ये भी मुसलमान थे, पहले सनातन का अर्थ समझाएँ

उत्तर प्रदेश के बरेली में मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी और यूपी AIMIM के अध्यक्ष शौकत अली ने बागेश्वरधाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर विवादित बयान दिया है। मौलाना ने कहा- पूरे सनातन धर्म को ही निशाना बनाया है। दुनिया में सबसे पहले इस्लाम आया है। पूरी दुनिया में जितने भी मजहब के लोग हैं, वे सभी हजरत-ए-आदम की औलाद हैं।

शौकत अली ने कहा, वो हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करते हैं लेकिन, मेरा तो ये मानना है कि अतीत में वो भी मुसलमान थे। उन्होंने चारों वेदों को भी नहीं पढ़ा है। पहले मुझे वो सनातन का मतलब ही समझा दें।

जानिए धीरेंद्र शास्त्री के किस बयान को लेकर यूपी में विवाद खड़ा हो गया है…

धीरेंद्र शास्त्री बोले- देश में सब कन्वर्टेड मुसलमान हैं।

आगरा में 6 सितंबर को धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम रद्द होने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, असली मुस्लिम तो विदेशों में हैं, यहां पर सब कन्वर्टेड मुसलमान हैं। अगर वो अपने पूर्वज खंगालें तो सब सनातनी मिलेंगे। 3000 साल पहले इस पृथ्वी पर यदि कोई रहता था, तो केवल सनातनी रहते थे। जिसका न आदि है और न अंत है।

मौलाना रजवी और शौकत अली के विवादित बयानों को पढ़िए…

धीरेंद्र शास्त्री RSS के खिलाफ जा रहे हैं मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा, कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री अपने प्रवचनों और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। धीरेंद्र शास्त्री आरएसएस के विचारों से हटकर हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। जबकि आरएसएस कहती है कि भारत पहले से ही हिंदू राष्ट्र है, लेकिन शास्त्री इसे अलग लहजे में कहते हैं।

हजरत-ए-आदम मुसलमान थे: मौलाना रजवीउनका यह भी कहना है कि भारत में नकली मुसलमान हैं और विदेशों में असली मुसलमान। मगर असली और नकली की पहचान उन्होंने कैसे की, उनको यह बताना चाहिए। रजवी ने कहा, धीरेंद्र शास्त्री को क्या कहा जाएगा? असली और नकली का फर्क वही लोग करते हैं जो खुद नकली होते हैं। वही ढोल बजाकर और शोर मचाकर इस तरह की बातें करता हैं। जो असली होते हैं, वे खामोश रहते हैं और अपनी जुबान से कुछ नहीं कहते। धीरेंद्र शास्त्री कैसे तय कर सकते हैं कि असली कौन है और नकली कौन है?

भारत का मुसलमान असली मुसलमान रजवी ने आगे कहा, भारत के जितने भी मुसलमान शरीयत और इस्लाम के उसूलों पर सख्ती से अमल करने वाले लोग हैं, वे शरीयत की पाबंदी करते हैं। विदेशों के मुसलमान उतनी पाबंदी नहीं करते, जितनी भारत के मुसलमान करते हैं। यहां का हर बच्चा, बूढ़ा, जवान, मर्द और औरत इस्लाम के उसूलों पर अमल करता है। यही पाबंदी धीरेंद्र शास्त्री को चुभती है और उनके दिलो-दिमाग को खटकती है।

शौकत अली बोले- धीरेंद्र शास्त्री नकली हिंदू हैं यूपी AIMIM के अध्यक्ष शौकत अली मुरादाबाद में पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। जहां उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर सीधा हमला किया। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को सनातन धर्म के चारों वेदों को पढ़ने की सलाह दी।

उन्होंने कहा- धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं कि हम हिंदू राष्ट्र बनाएंगे। अगर हम मुस्लिम राष्ट्र कहेंगे, तो मुझ पर मुकदमा हो जाएगा। हमारे देश का कानून हमें इस बात की इजाजत देता है। कोई हमें नहीं छेड़े और अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। संवैधानिक तरीके से हम उसका जवाब देंगे।

कार्यक्रम में मुस्लिम आवाम को संबोधित करते हुए शौकत अली।

मुझे तो ये लगता है कि ये नकली हिंदू हैं शौकत अली ने कहा, दुनिया में अगर कोई पहला व्यक्ति आया तो उसका नाम था आदम (अलैहिस्सलाम)। यह हमारा मानना है। मां हव्वा आई थीं। उनके बाद से ही इंसानियत की शुरुआत हुई। मेरा मानना है कि धीरेंद्र शास्त्री का जो अतीत है, वह मुसलमान थे। वो मुझे सनातन का मतलब समझा दें। सनातन का मायना हिंदू होता है या हिंदू का मायना सनातन होता है, वो मुझे ये बता दें।

गुरुकुल में जो वेद पढ़ाए जाते हैं और बाहर जो मिलते हैं, उनमें अंतर है। पहले उनकी जानकारी ले लें। धीरेंद्र शास्त्री को वेदों की जानकारी नहीं है। एक बार वे वेद जरूर पढ़ लें। सरकार ने उन्हें छोड़ा है और आज वे हिंदू राष्ट्र की मांग करते हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वो कैसे हिंदू राष्ट्र बनाएंगे?

शौकत अली ने कहा- अगर मैं कह दूं कि मैं मुस्लिम राष्ट्र बनाऊंगा तो आप मुझ पर मुकदमा कर देंगे, पर ये लोग हिंदू राष्ट्र की बनाने की बात करते हैं। अगर कोई मुस्लिम राष्ट्र कहेगा तो यह देश के अंदर लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम होगा। ऐसे लोगों को जेल में डाल देना चाहिए। ये फरमान जारी कर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *