
इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के 13वें सीजन में तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स का अब तक का सफर कुछ खास नहीं रहा है। टीम अभी प्वॉइंट टेबल में 6 मैचों में से बस दो मैच जीत सकी है और चार अंकों के साथ छठे पायदान पर है। अपने पिछले मुकाबले में टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा। केकेआर ने पहले खेलते हुए 167 रन बनाए जिसके जवाब में चेन्नई 157 रन ही बना सकी और 10 रन से मुकाबला हार गई। टीम के कप्तान धोनी भी इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके ओर जल्दी आउट हो गए।मैच के बाद कप्तान धौनी समेत सीएसके के कुछ बल्लेबाज प्रशंसकों की आलोचना का शिकार बने। जिसमें केदार जाधव प्रमुख थे, जिन्होंने 12 गेंदों पर मात्र सात रन बनाए।
एक परेशान करने वाली बात यह है कि कुछ यूजर्स ने धौनी के साथ उनकी पांच साल की बेटी जीवा (Ziva) के खिलाफ भी शर्मनाक टिप्पणी की। खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन पर सोशल मीडिया पर पत्नियों और गर्लफ्रेंड को ट्रोल करते हुए देखा गया है लेकिन लेकिन यह पहली बार जब पसंदीदा टीम के हारने पर उनके बच्चों को भी निशाने पर लिया जा रहा है। धौनी की पांच वर्षीय बेटी जीवा को धमकी देने वाले कुछ ट्वीट्स और फेसबुक पोस्ट सामने आए हैं। इनमें से कई पोस्ट में धौनी की बेटी को धमकी दी गई है।
आपको बता दें कि इस सीजन में सीएसके का प्रदर्शन अब तक ज्यादा अच्छा नहीं रहा है। इस टीम ने छह लीग मैच खेले हैं जिसमें उन्हें चार में हार और दो में जीत मिली है। वहीं केकेआर के खिलाफ ये टीम जीत की स्थिति में थी, लेकिन बाद में टीम को 10 रन से अंतर से हार मिली। ये सीएसके का छठा लीग मैच था। इससे ठीक पहले यानी सीएसके ने अपने पांचवें लीग मैच में 10 विकेट के अंतर से शानदार जीत दर्ज की थी।
सीएसके को पहली जीत इस सीजन के ओपनिंग मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली थी फिर टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। पांचवें मैच में जीत के बाद छठे मैच में फिर से हार मिली और इसके बाद फैंस ने इस तरह का रिएक्शन दिया जो किसी भी लिहाज से सही नहीं कहा जा सकता है। माही की हार के लिए उनकी पांच साल की बेटी पर टिप्पणी करना कहीं से भी सही नहीं है। हालांकि इस मामले पर धौनी के समर्थन में कई फैंस सामने आए और इसे पूरी तरह से गलत करार दिया।