इंदौर में सराफा चौपाटी को लेकर अभी तक निर्णय नहीं होने से सराफा के व्यापारी और इंदौर चांदी-सोना जवाहरात व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी नाराज हैं। हाल ही में हुई घटना ने इस नाराजगी को ओर बढ़ा दिया है। इधर, मामले में मेयर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है कि सराफा चौपाटी का प्लान तैयार है, जल्द ही इसका एक्जीक्यूशन करेंगे।
सोमवार रात सराफा चौपाटी में दो व्यापारी ग्राहकी को लेकर आपस में भिड़ गए थे। जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
बता दें कि सराफा चौपाटी को शिफ्ट करने की मांग सराफा चांदी-सोना जवाहरात व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा की जा रही थी। इसे लेकर पदाधिकारियों ने मौन धरना प्रदर्शन करने के साथ ही व्यापारियों के साथ बैठकें की थीं। मामला बढ़ने पर महापौर ने व्यापारियों के साथ नगर निगम में मीटिंग की, जिसके बाद समन्वय बना और एक कमेटी का गठन किया गया, जो सराफा चौपाटी के नए स्वरूप को विकसित करेगी।
इस कमेटी में सराफा एसोसिएशन, सराफा चौपाटी एसोसिएशन के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया था। पदाधिकारियों का कहना है कि उस वक्त कहा गया था कि श्राद्धपक्ष के बाद सराफा चौपाटी को लेकर रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी और पारंपरिक दुकानों को ही अनुमति दी जाएगी। मगर दीपावली का त्योहार भी गुजरने के बाद अब तक इस मामले में कुछ नहीं हुआ

मारपीट की घटना के बाद पदाधिकारियों में बढ़ी नाराजगी
सोमवार रात सराफा चौपाटी में दो व्यापारी ग्राहकी को लेकर आपस में भिड़ गए। उनके बीच थप्पड़, घूंसे और चिमटा तक चल गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में सराफा पुलिस ने दोनों व्यापारियों पर कार्रवाई भी की। इस घटना के बाद सराफा व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों में नाराजगी और बढ़ गई है।
उनका कहना है कि इस तरह की कई घटनाएं यहां हो चुकी हैं, जिसके कारण सराफा का नाम खराब हो रहा है और यहां की छवि पर भी असर पड़ रहा है। पदाधिकारियों का कहना है कि उनके पास व्यापारियों के लेटर रखे हैं। इन लेटरों में व्यापारियों ने सहमति जताई है कि वे अपनी दुकानों के ओटलों पर चौपाटी नहीं चाहते हैं। अगर जल्द ही इसका निर्णय नहीं होता है तो वे इस ओर अपनी रूपरेखा तैयार करेंगे।

मेयर बोले- जल्द करेंगे एक्जीक्यूशन
इस मामले में मेयर पुष्यमित्र भार्गव से दैनिक भास्कर ने चर्चा की। मेयर ने बताया कि दो बार मीटिंग हो गई है। कुछ ही दिनों में उसका एक्जीक्यूशन हम शुरू कर देंगे। कुछ सुझाव भी आए हैं, कमेटी उस पर चर्चा कर रही है। सुझावों पर अमल करके बहुत जल्द ही सराफा चौपाटी का स्वरूप बदलेगा।
घटना को लेकर कहा कि निश्चित तौर पर इसी सब के लिए सभी ने निर्णय किया है। सराफा इंदौर की धरोहर, गौरवशाली परंपरा है और जिस कारण से इंदौर जाना जाता है। उसकी सुविधा अच्छी रहे, ये हम सभी कि जिम्मेदारी है। प्लान बन गया है। उसका एक्जीक्यूशन जल्दी करेंगे।