
डॉक्टर के केबिन में कुर्सी पर बैठे-बैठे मरीज अचानक बेहोश होने लगता है। तभी डॉक्टर की निगाह उस पर पड़ती है वह तत्काल उसके पास पहुंचकर सीने पर थपकी देना शुरू कर देते हैं। इसके कुछ देर के बाद फिर से मरीज होश में आ जाता है। यह घटना महाराष्ट्र के कोल्हापुर की बताई जा रही है। वीडियो में दिखने वाले मरीज को सडन कार्डियक अरेस्ट हुआ था। इस घटना की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। राज्यसभा सांसद धनंजय महाडिक ने भी इसे शेयर किया है और डॉक्टर को साक्षात भगवान का रूप बताया है।
मरीज को दिया सीपीआर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही यह वीडियो क्लिप करीब 37 सेकंड की है। जानकारी के मुताबिक इसमें कोल्हापुर के कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर अर्जुन अदनायक एक शख्स की जान बचा रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि नीली टीशर्ट पहने एक शख्स डॉक्टर से उनके केबिन में बातचीत कर रहा है। अचानक वह बेहोश होने लगता है। बेहोश होते वक्त वह शख्स डॉक्टर की टेबल को खटखटाकर उनसे मदद का इशारा करता है। उसकी हालत देखते ही डॉक्टर अपनी कुर्सी छोड़कर तत्काल उसके पास पहुंचते हैं और सीने पर थपकी के रूप में उसे सीपीआर देना शुरू कर देते हैं। थोड़ी ही देर में वह शख्स फिर से होश में आ जाता है।
सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ
वीडियो को शेयर करते हुए राज्यसभा सांसद धनंजय महाडिक ने डॉक्टर अर्जुन को रियल लाइफ हीरो बताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि ऐसे शानदार हीरोज की तारीफ की जानी चाहिए। वहीं सोशल मीडिया पर डॉक्टर के इस वीडियो की खूब तारीफ हो रही है। यह वीडियो करीब 40 हजार बार देखा जा चुका है। एक यूजर ने कमेंट किया है कि ऐसी सिचुएशन में किसी की जान बचाने का यह बेहतरीन तरीका है। उन्होंने यह भी लिखा कि सीपीआर को स्कूल की पढ़ाई में शामिल किया जाना चाहिए।