
भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया जा रहा है. दरअसल, हाल ही में हुए आईपीएल ऑक्शन में उन्हें मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये के उनके बेस प्राइज पर खरीदा जिसके बाद से सोशल मीडिया पर नेपोटिज्म की बात एक बार फिर शुरू हो गई. अब बॉलीवुड एक्टर और डायरेक्टर फरहान अख्तर उनके बचाव में आए हैं और ट्रोल्स को जवाब दिया है.
फरहान अख्तर ने अपने ट्वीट में अर्जुन तेंदुलकर को लेकर लिखा: “मुझे लगता है कि मुझे अर्जुन तेंदुलकर के बारे में यह कहना चाहिए. हम एक ही जिम में जाते हैं और मैंने देखा है कि वह अपनी फिटनेस पर कितना मेहनत करते हैं, उसका ध्यान बेहतर क्रिकेटर बनने पर है. उस पर नेपोटिज्म जैसा शब्द लादना गलत और काफी क्रूर है. शुरू होने से पहले उसके उत्साह को मत कम करो.” फरहान अख्तर के इस ट्वीट पर यूजर्स के खूब रिएक्शन आ रहे हैं.
अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस का खरीदना हैरानी भरा नहीं है, क्योंकि वह पिछले दो से तीन सत्र से फ्रेंचाइजी के लिए नेट गेंदबाज की भूमिका निभा रहे थे. इक्कीस साल के अर्जुन ने हाल में मुंबई की सीनियर टीम की ओर से पदार्पण किया जब वह हरियाणा के खिलाफ राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेले. इस बायें हाथ के बल्लेबाज और बायें हाथ के तेज गेंदबाज ने अब मुंबई के लिए टी20 प्रारूप में दो मैच खेलते हुए तीन रन बनाने के अलावा दो विकेट चटकाए हैं. अर्जुन इससे पहले आयु वर्ग के टूर्नामेंटों में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. वह टी20 मुंबई लीग में भी खेले थे.
अर्जुन तेंदुलकर ने हाल में प्रतिष्ठित पुलिस शील्ड टूर्नामेंट में भी प्रभावित किया था. अर्जुन को अतीत में भारतीय राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजों को नेट पर गेंदबाजी करते हुए देखा गया है. वह श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.