
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में घर में घुसकर महिला DSP के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. उनके साथ किसी और ने नहीं, बल्कि उनके इंजीनियर पति ने ही मारपीट की. इस मामले में डीएसपी की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है. डीएसपी नेहा पच्चीसिया फिलहाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ हैं. डीएसपी नेहा पच्चीसिया ने हबीबगंज थाने में पति पर मारपीट करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला DSP का पति से विवाद चल रहा है और वो पति से अलग भोपाल के चार इमली इलाके में रहती हैं। वहीं इंजीनियर पति ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इंकार करते हुए महिला डीएसपी पर झूठा केस दर्ज कराने की बात कही है।

महिला डीएसपी को पति ने पीटा
महिला डीएसपी नेहा पच्चीसिया की शादी साल 2019 में इंजीनियर कुणाल जोशी के साथ हुई थी। उनके दो जुड़वा बच्चे हैं और वो पति से विवाद के कारण उससे अलग रह रही हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि रविवार की शाम पति कुणाल जोशी उसके चार इमली स्थित घर पर आए और जब उन्होंने पति को रोकने की कोशिश की तो विवाद शुरु कर दिया।
महिला डीएसपी का आरोप है कि विवाद के दौरान ही पति कुणाल ने उनका सिर पकड़ा और दीवार पर दे मारा। इस घटना के बाद महिला डीएसपी थाने पहुंची और पति के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज कराया। वहीं महिला डीएसपी के इंजीनियर पति कुणाल जोशी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया है। उनका कहना है कि वो बच्चों से मिलने के लिए गए थे।
IG पर की पोस्ट को लेकर आई थीं सुर्खियों में
बता दें डीएसपी नेहा पच्चीसिया फरवरी 2021 में उस वक्त सुर्खियों में आई थीं जब उनके नाम से फेसबुक पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई थी। उस पोस्ट में ग्वालियर आईजी अविनाश शर्मा का नाम लिखते हुए लिखा था Ig Avinash Sharma is our culprit जिसका हिंदी में मतलब है आईजी अविनाश शर्मा हमारे अपराधी हैं। नेहा पच्चिसिया की इस पोस्ट के वायरल होने से विभाग में हड़कंप मच गया था और सोशल मीडिया पर भी तरह तरह के सवाल खड़े किए गए थे। हालांकि बाद में नेहा पच्चीसिया ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा था कि जो पोस्ट वायरल हुई है वो किसी ने उनका फेक अकाउंट बनाकर की है, उन्होंने ऐसा कोई पोस्ट नहीं किया है। उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है।