
इंग्लैंड ने गुरुवार को टीम इंडिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी। इस 16 सदस्यी टीम में जोफ्रा आर्चर, बेन स्टोक्स और रोरी बर्न्स की वापसी हुई है। वहीं, जॉनी वेयरस्टो, सैम करन और मार्क वुड को आराम दिया गया है। इसके अलावा ओली पोप भारत का दौरा करेंगे लेकिन फिट होने के बाद वह टीम में शामिल किए जाएंगे। पोप सितंबर में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के दौरान कंधे में लगी चोट से उबर रहे हैं।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने विज्ञप्ति में कहा, ‘यह हमारी चयन नीति के अनुरूप है जिसमें क्रिसमस के बाद सर्दियों कार्यक्रम में किसी समय सभी प्रारूपों में खेलने वाले खिलाड़ियों को समूह में आराम दिया जाना है।’ आर्चर और स्टोक्स की वापसी और टीम के बाकी सदस्यों के फिटनेस साबित करने की स्थिति में समरसेट के क्रेग ओवरटन श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के बाद स्वदेश लौटेंगे।
गौरतलब है कि अगले महीने इंग्लैंड की टीम भारत के दौरे पर आएगी, जहां दोनों टीमें चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगी। सीरीज का पहला मैच पांच फरवरी से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमें पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलेंगे। सीरीज का पहला मैच 12 मार्च को खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के तीन मैचों की वन-डे सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला 23 मार्च को होगा।
इस वक्त इंग्लैंड की टीम श्रीलंका के दौरे पर है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला उसने सात विकेट से अपने नाम किया। वहीं, दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा व आखिरी मुकाबला 22 जनवरी से खेला जाएगा।
पहले दो टेस्ट मैचों के लिए इंग्लैंड की टीम:
जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, मोइन अली, जेम्स एंडरसन, डॉम बेस, स्टुअर्ट ब्रॉड, रोरी बर्न्स, जोस बटलर, जैक क्रॉली, बेन फॉक्स, डैन लॉरेंस, जैक लीच, डोम सिबली, बेन स्टोक्स, ऑली स्टोन, क्रिस वोक्स।