
बॉलीवुड के मशहूर गायक और रैपर बादशाह इन दिनों मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उनके ऊपर आरोप है कि सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने फर्जी फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाए हैं। इस संबंध में वह मुंबई क्राइम ब्रांच में अपना बयान दर्ज करवाने पहुंच गए हैं। बीते दिनों मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने बादशाह को बयान दर्ज करवाने के लिए नोटिस भेजा था।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नंदकुमार ठाकुर ने कहा, ‘मुंबई पुलिस एसआईटी ने अब तक 25 लोगों का सत्यापन किया है। इनमें से कुछ ने इस मामले में अब तक के गवाहों के रूप में अपने बयान दर्ज किए हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘पुलिस जांच के तहत लोगों के नामों का खुलासा नहीं करेगी क्योंकि इससे जांच में बाधा आ सकती है।’ डीसीपी ठाकुर आगे कहते है, ‘जिन लोगों की पहचान की गई है या जिनके बयान दर्ज किए गए हैं, उनमें से ज्यादातर सोशल मीडिया के व्यवसाय में हैं।’
कई रिपोर्टों के मुताबिक बादशाह इस मामले से संबंधित अपराध शाखा द्वारा जांच के लिए बुलाने जाने वाले पहले बॉलीवुड कलाकार है। रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि क्राइम ब्रांच अभिनेत्रियों दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा को समन जारी कर सकती है।
मुंबई पुलिस ने खुलासा किया कि लगभग 10 शीर्ष हस्तियां थीं जिन्होंने नकली फॉलोअर्स देने वाली कंपनियों से सेवाएं ली है। इनपुट्स के अनुसार बॉलीवुड सेलेब्स, स्पोर्ट्स पर्सनैलिटीज जैसे हाई-प्रोफाइल सेलिब्रिटीज और बिल्डर्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फॉलोअर्स, सब्सक्राइबर और कमेंट खरीदने के लिए एक निश्चित रकम देते हैं। यह भी पता चला है कि इन सेवाओं को बेचने वाली कंपनियों के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौजूद होने की सबसे अधिक संभावना है।
आपको बता दें गायक भूमि त्रिवेदी ने फर्जी सोशल मीडिया फॉलोअर्स को लेकर मुंबई पुलिस में मामला दर्ज कराया था। भूमि का कहना था कि कुछ लोग उनके नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी फैन फॉलोइंग बढ़ाने का दावा कर रहे हैं। जब इस मामले की जांच हुई तो पता चला कि कई खिलाड़ियों, बिजनसमैन और बॉलीवुड हस्तियों ने अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए पैसा दिया था। अब फर्जी फॉलोअर्स मामले में पुलिस अपना शिकंजा लगातार कसती जा रही है।