इंदौर। एसआई और हेड कांस्टेबल के खिलाफ रिश्वत मांगने के मामले में एफआईआर दर्ज

प्रोडक्शन वारंट पर राजस्थान से इंदौर लाए संदेही आरोपी से 3 लाख रुपए रिश्वत मांगने के मामले में विजय नगर थाने के तत्कालीन एसआई व हेड कांस्टेबल के खिलाफ राजस्थान पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने यह कार्रवाई की है। ये रिपोर्ट मदनलाल पिता हीराराम विश्नोई लक्ष्मण नगर चांडी ने करवाई है।

उन्होंने राजस्थान की एसीबी को शिकायत की थी कि उनके चाचा के लड़के मांगीलाल चांडी को 24 फरवरी को कार चोरी के मामले में विजय नगर पुलिस की टीम प्रोडक्शन वारंट पर इंदौर ले गई थी। यहां हेड कांस्टेबल सुरेश मिश्रा ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपए देने की मांग की थी। बाद में 2 लाख पर सहमति बनी थी। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेने बुलाया। हालांकि ट्रैप हो जाने के डर से मिश्रा व उनके साथी रुपए लिए बिना ही चले गए।

रिकॉर्डिंग के आधार पर FIR

एसीबी ने बातचीत की रिकॉर्डिंग के आधार पर केस दर्ज किया। जोधपुर ग्रामीण के एएसपी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मप्र पुलिस से उक्त प्रकरण की जांच को लेकर जानकारी मांगी तो बतौर जांच अधिकारी उन्हें थाने के एसआई सुरेश बुनकर के होने की जानकारी भेजी गई थी। इसलिए पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर हेड कांस्टेबल सुरेश मिश्रा का नाम दर्ज किया है। धारा 7 के तहत जो एफआईआर हुई है, उसमें एसआई सुरेश बुनकर को आरोपी बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *