इंदौर के जवाहर मार्ग से लगे पीपली बाजार में शनिवार देर रात महावीर मार्ग स्थित एक बर्तन की दुकान में करीब 3 बजे आग लग गई। दुकान से उठे धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ऊपर बने कमरों में रह रहे पांच किराएदार फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दुकान में लगी आग से फैला धुआं फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग धर्म कालरा, निवासी त्रिवेणी कॉलोनी की श्री बिल्डर्स नामक दुकान में लगी थी। आग लगने के बाद दुकान और बिल्डिंग के अंदर भारी धुआं फैल गया। सूचना पर पीपली बाजार में मौजूद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। भीड़ से रास्ता बनाकर दमकल वाहन अंदर पहुंचाया गया और करीब एक टैंक पानी डालकर आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान दुकान का फर्नीचर और कुछ अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
किराएदार धुएं में फंसे, रेस्क्यू कर बचाया पुलिस के मुताबिक जिस बिल्डिंग में यह दुकान है, उसमें पांच से ज्यादा दुकानें और ऊपर किराएदारों के कमरे बने हुए हैं। धुआं फैलने से यहां रहने वाले लोग फंस गए थे। इनमें अब्दुल सतार, कमरून निशा, रूपाईया, रीजवाना बी और शाहनवाज बी शामिल थे। दमकलकर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों का कहना है कि अगर आग ऊपर तक फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही आसपास के थानों का पुलिस बल और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के लिहाज से रास्तों को दोनों ओर से बंद कर दिया गया और भीड़ को हटाया गया।