भोपाल के कटारा हिल्स में रविवार रात एक छात्र ने बीटेक स्टूडेंट्स पर फायरिंग की। तीन राउंड में दो गोलियां दो छात्रों को लगीं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी अपने साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था और अभद्र भाषा में शोर-शराबा कर रहा था।
एक छात्र को पेट में गोली लगी है।
दोनों घायल छात्र साथियों के साथ उसे समझाने पहुंचे। इससे नाराज छात्र ने फायरिंग की और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

रविवार तड़के तक पार्टी की, डिस्टर्बेंस हो रहा था
पुलिस के मुताबिक, 23 वर्षीय वासु गुप्ता और 21 वर्षीय अंशु तेज पाटिल सेज यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। वासु बीबीए थर्ड ईयर और अंशु बीटेक सेकेंड ईयर का छात्र है। दोनों साथी छात्रों के साथ सेज सनसिटी फेज-1 कॉलोनी में रहते हैं।
रायसेन रोड स्थित एलएनसीटी कॉलेज में रहने वाले सुधांशु सिंह और उसके साथी अक्सर कॉलोनी के छात्रों से मिलने आते हैं। वे देर रात तक शराब पार्टी कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। रविवार तड़के तक वे पार्टी कर रहे थे, जिससे वासु व उनके साथियों को डिस्टर्बेंस हो रहा था।
समझाने पहुंचे तो आरोपियों ने बदसलूकी शुरू कर दी
जब पीड़ित छात्र साथियों के साथ आरोपियों को समझाने पहुंचे तो सुधांशु और उसके साथियों ने बदसलूकी शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर सुधांशु ने देशी पिस्टल से एक राउंड हवा में फायर किया, जबकि दो राउंड वासु और अंशु पर किए।
वासु के कंधे में चोट लगी, जबकि अंशु के पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने सुधांशु सिंह सहित तीन अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।