इंदौर। होटल मैरियट के सामने कॉलेज स्टूडेंट की चाकू से हत्या; दोस्त की गर्लफ्रेंड भी आरोपियों में शामिल

इंदौर में होटल मैरियट के सामने मंगलवार देर रात कार सवार स्टूडेंट की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक मोनू उर्फ प्रभास पवार है। हमला करने वाले दो लड़के और एक लड़की एक्टिवा से पीछा करते हुए आए थे। लड़की मृतक के दोस्त की गर्लफ्रेंड है।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विजय नगर पुलिस ने कहा कि सभी आरोपी फरार है। आरोपी ग्रे रंग की एक्टिवा पर थे जिस पर नंबर नहीं था।

गाड़ी रोककर पहले हाथ मिलाई, फिर मार दी चाकू

जानकारी सामने आई है कि संदेही आरोपी लड़की का नाम तान्या है। वह जनता कालोनी की रहने वाली है। कार सवार टीटू की गर्लफ्रेंड है। टीटू अपने दोस्त मोनू (अब मृतक), रचित, विशाल ठाकुर और एक अन्य के साथ देर रात महाकाल दर्शन करने जा रहा था।

बीच में तान्या अपने दो अन्य दोस्तों के साथ आई। उसने इनकी कार रुकवाई और अंदर बैठे विशाल से हाथ मिलाया। फिर अंदर ही बैठे रचित पर हमला किया। वह बच गया तो खिड़की तरफ बैठे मोनू को चाकू मार दिया। सीने में घाव होने से उसकी मौत हो गई। गाड़ी की सीट पर खून के काफी निशान हैं।

तान्या का बॉयफ्रेंड टीटू या उसके दोस्तों से क्या विवाद हुआ था, यह अभी साफ नहीं हुआ है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा।

चाय सुट्‌टाबार पर मिले थे सभी

जिस युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई वह BTech स्टूडेंट निजी कॉलेज में पढ़ता था। वह अपने दोस्तों के साथ MIG इलाके के चाय सुट्‌टाबार गया था जहां विवाद हुआ। विजय नगर थाना प्रभारी रविन्द्र गुर्जर ने बताया मृतक प्रभास उर्फ मोनू पिता श्याम सिंह पंवार इंदौर के ​​​​​​साकेत नगर में ईश्वर अपार्टमेंट का रहता ​था।


कार में सवार थे पांच दोस्त

पुलिस का कहना है कि मोनू मूल रूप से सीहोर का रहने वाला था। कार में उसके साथ टीटू, विशाल ठाकुर, रचित और एक अन्य दोस्त था। सभी ने रात को ही महाकाल दर्शन का प्लान बनाया था। उसी के लिए निकले थे और यह वारदात हो गई।

हत्याकांड के पहले मैरियट के पास ही हुई चाकूबाजी

लसूड़िया इलाके में मंगलवार रात करीब 12 बजे नरेश (27) पुत्र राधेश्याम निवासी मालवीय नगर और ईशांत (23) पुत्र भारत निवासी गुलाब बाग को बदमाशों ने निरंजनपुर पानी की टंकी के पास बुलाकर चाकू मार दिया। बताया जाता है दोनों बंगाली कॉलोनी में थे। इन्हें फोन कर मिलने बुलाया था। इसके बाद तीन से ज्यादा बदमाशों ने घेराबंदी कर हमला कर दिया। लसूड़िया पुलिस ने केस दर्ज किया है। नरेश फर्नीचर का काम करता है ईशांत उसका दोस्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *