मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 7 बसें और 3 कारें भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। 4 लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें बसों में मानव अंग फंसे दिखाई दिए। एक युवक ने बताया कि उसने बस से 8-9 लाशें निकाली हैं।
हादसे में अब तक 66 लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, एक चश्मदीद ने बताया कि 20 एम्बुलेंस से 150 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 पर हुआ। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने रेस्क्यू चला रही है। हाईवे से मलबा हटाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। अचानक एक बस ने रफ्तार धीमी की। इसके चलते कई वाहन एक-दूसरे से टकराते गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद ऐसा लगा कि बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे।
एम्बुलेंस के कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि कितने लोग हताहत हुए, इसकी गिनती अभी नहीं की जा सकती। वहीं, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया।
हादसे की तस्वीरें देखिए…

कोहरे के चलते गाड़ियों की भिड़ंत हुई। टकराते ही गाड़ियों में आग लग गई

आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए हैं

DM और SSP समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस, फायर ब्रिगेड, NHAI और SDRF के जवान रेस्क्यू में जुटे हैं

हादसे में गाड़ियां पूरी तरह से जलकर राख हो गई हैं।

सुबह कोहरा छटने के साथ ही एक्सप्रेस-वे पर राख ही राख दिखाई देने लगी। आग पर काबू पा लिया गया है। मलबा हटाने का काम जारी है।

जलकर खाक हुई बस में फंसे हुए मानव अंग दिखाई दे रहे थे।