पूर्व मंत्री भाजपा में हुए शामिल – देखें VIDEO

 

विधानसभा चुनाव के मतदान से पहले हर दिन नए-नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। दल बदलू नेताओं के पार्टी बदलने का दौर लगातार जारी है। शनिवार को भाजपा और कांग्रेस में पूर्व मंत्री रहे अखंड प्रताप सिंह यादव आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। करीब एक माह पहले ही उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी।

दरअसल, अखंड प्रताप सिंह यादव का अब तक का राजनीतिक सफर लगातार पार्टियां बदलने का रहा है । दलबदलू नेताओं में गिने जाने वाले अखंड यादव साल 2003 में भाजपा के टिकट पर टीकमगढ़ विधानसभा से चुनाव लड़े और जीतकर प्रदेश सरकार में मंत्री बने। 2008 में पार्टी ने फिर उन्हें मैदान में उतारा, लेकिन वे तीसरे स्थान पर रहे थे।

इसके बाद वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और बड़ा मलहरा उप चुनाव सपा के टिकट पर लड़ा। इसके बाद अखंड यादव कांग्रेस और फिर एक महीने पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इस बार विधानसभा चुनाव के नामांकन दाखिले के दौरान वे टीकमगढ़ से आप प्रत्याशी का फॉर्म जमा कराने कलेक्ट्रेट भी पहुंचे थे।

आज उन्होंने भोपाल में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष बीजेपी ज्वाइन कर ली। अखंड प्रताप सिंह यादव की उम्र 80 साल से ज्यादा है, लेकिन वह अब भी राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय हैं। उनके बेटे अभय यादव लगातार दो बार टीकमगढ़ के भाजपा जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *