
पंजाब की राजनीति में उथल पुथल अभी भी जारी है. दरअसल, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीजेपी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं. इसी बीच खबर है कि कैप्टन सिंह आज दिल्ली रवाना होंगे. बताया जा रहा है कि वह दोपहर 3:30 बजे रवाना होंगे. सूत्रों के मुताबिक आज शाम को वह जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात करेंगे.बता दें कि इसी महीने पंजाब कांग्रेस में चल रहे शह-मात के खेल पर विराम लगाते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। कैप्टन से कांग्रेस आलाकमान ने इस्तीफा देने को कहा था। इस्तीफे के बाद कैप्टन ने कहा था कि पंजाब में जारी राजनीतिक घटनाक्रम से उन्होंने अपमानित महसूस किया। सीएम पद के बाद संभव है कि वह कांग्रेस भी छोड़ दें।
इस्तीफे के बाद कैप्टन ने कई बार यह खुलकर कहा है कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे। इतना ही नहीं कैप्टन ने यह भी कहा था कि सिद्धू के पाकिस्तानी सेना चीफ कमर जावेद बाजवा और पीएम इमरान खान के साथ दोस्ती है। उन्होंने यह भी कहा कि सिद्धू के खिलाफ वह मजबूत उम्मीदवार को उतारेंगे। कैप्टन के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का सीएम बनाया था।